फर्रूखाबाद सदर: दिल्ली में बाबा वीरेन्द्र देव दीक्षित पर लगे गंभीर आरोपों के बाद हाईकोर्ट के निर्देश पर पुलिस सक्रिय हो गयी है। लंबें समय से विवादों में चल रहे बलात्कार के आरोपों का सामना कर रहे तथा कथित बाबा वीरेन्द्र देव दीक्षित की मुश्किलें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। दिल्ली में पुलिस की कार्रवाई के बाद आज प्रातः अधिकारियों ने भारी पुलिस बल के साथ फर्रूखाबाद नगर के पॉश कालोनी सिकत्तरबाग स्थित बाबा के अध्यात्मिक ईश्वरीय विश्वविद्यालय व कंपिल के अध्यात्मिक आश्रमों में छापेमारी की। छापेमारी के दौरान पुलिस ने सिकत्तरबाग स्थित आश्रम से 08 व कंपिल में 45 सहित कुल नाबालिक व बालिक 53 संवासनियों को बरामद किया। छापेमारी के दौरान पुलिस को आश्रम में कई तहखाने मिले।
इससे पूर्व छापेमारी करने पहुंची पुलिस ने जब संवासिनयों से दरवाजा खोलने के लिए कहा तो उन लोगों ने दरवाजा खोलने से मना कर दिया। इस दौरान पुलिस की संवासिनियों से आश्रम के अंदर ताला तोड़ने को लेकर नोकझोंक भी हुई। लेकिन पुलिस की सख्ती के चलते संवासिनियां अधिक विरोध नहीं कर सकी। बतातें चलें कि दिल्ली के रोहिणी में आध्यात्मिक विश्वविद्यालय में अध्यात्म के नाम आश्रम चला रहे तथाकथित ढोंगी बाबा वीरेन्द्र देव दीक्षित का फर्रूखाबाद से भी पुराना नाता है। वीरेन्द्र देव मुल रूप से फर्रूखाबाद जनपद का निवासी है। कंपिल के चौधरियान में वीरेन्द्र देव का आश्रम पिछले 34 वर्ष से चल रहा है।
आश्रम तीन मंजिला और भव्य रूप में हैं, लेकिन यहां युवतियां कि बड़ी संख्या में मौजुदगी से आश्रम हमेशा से शक के घेरे में रहा। कंपिल आश्रम में बाबा के विरूद्ध दर्जनों लड़कियों को अपने हवस का शिकार बनाने के मामले दर्ज हैं। 19 वर्ष पहले कोलकाता की एक लड़की के अपहरण और उसके साथ दुष्कर्म के आरोपों की वजह से यह आश्रम पहली बार चर्चा में आया था। उसके बाद इस आश्रम पर कई बार आरोप लगे कि यहां लड़कियों का यौन शोषण होता रहा है। वीरेन्द्र देव के विरूद्ध यौन उत्पीड़न, पुलिस मुठभेड़ और कई अन्य संगीन धाराओं में आधा दर्जन से अधिक मुकदमें दर्ज हैं। इससे पूर्व भी जिले में चल रहे ढोगीं बाबा के आश्रमों की गतिविधियों और संपत्ति को लेकर सीबीसीआइडी और आयकर विभाग की टीम भी जांच कर चुकी है। दिल्ली हाईकोर्ट ने भी इस मसले को लेकर कड़ी टिप्पडी की है। इसके बाद ढोंगी बाबा वीरेन्द्र दीक्षित पर पुलिस का शिकंजा लगातार कस रहा है। दिल्ली में आश्रम से छुड़ाई गई लड़कियों के बाद से ही उक्त तथाकथित आरोपी बाबा फरार है।
हमारी मुख्य खबरों के लिए यहाँ क्लिक करें।
– दीपक सिंह, इमरान हुसैन