दिल्ली प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष सुभाष चोपड़ा ने कहा है कि दिल्ली की अनाधिकृत कालोनियों को मालिकाना अधिकार देने व नियमन संबधी अधिसूचना को दिल्ली के 40 लाख लोगों के साथ बड़ा धोखा है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में कांग्रेस सरकार आने पर सभी अनाधिकृत कालोनियों को 1976-77 की स्व. इंदिरा गांधी की नीति पर न केवल नियमित किया जाएगा बल्कि बिना पैसे लिए 612 कालोनियों की तरह उनमें भी रजिस्ट्री खोली जाएगी।
चोपड़ा सोमवार को दक्षिणी दिल्ली के रंगपुरी पहाड़ी पर कांग्रेस की हल्ला बोल रैली में बोल रहे थे। रैली की अध्यक्षता क्षेत्र के पूर्व विधायक विजय लोचव कर रहे थे। रैली को क्षेत्र के पूर्व सांसद रमेश कुमार, व जिला अध्यक्ष राजेश चौहान ने भी संबोधित किया। चोपड़ा ने कहा कि मोदी सरकार ने अनाधिकृत कालोनियों के मामले में संसद को भी गुमराह किया है और इसकी हकीकत को अब दिल्ली की जनता जान चुकी है।
उन्होंने कहा कि शहरी विकास मंत्री हरदीप पुरी द्वारा किए गए ट्वीट ने बकायदा कांग्रेस पार्टी के शंकाओं व आरोपों की न केवल पुष्टि कर दी है बल्कि उन्होंने स्वयं इस अपराध को स्वीकार किया है कि केन्द्र सरकार ने दिल्ली सरकार के साथ मिलकर इन 40 लाख लोगों के साथ बड़ा विश्वासघात किया है।