दिल्ली पुलिस आज अपना 74वां स्थापना दिवस मना रही है। दिल्ली पुलिस मुख्यालय में आयोजित समारोह में केंद्रीय गृहराज्य मंत्री जी. किशन रेड्डी ने सलामी ली। वहीं केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने इस मौके पर दिल्ली पुलिस को बधाई देते हुए कहा कि विपरीत परिस्थितियों में भी वे राजधानी की सुरक्षा सुनिश्चित कर रहे हैं।
अमित शाह ने ट्वीट कर कहा, ‘‘दिल्ली पुलिस के 74वें स्थापना दिवस पर सभी कर्मियों और उनके परिजनों को हार्दिक शुभकामनाएं। विपरीत परिस्थितियों में भी देश की राजधानी की सुरक्षा एवं शांति-व्यवस्था को सुनिश्चित करने के लिए पूर्णतः समर्पित दिल्ली पुलिस के बहादुर जवानों के साहस, संयम और संकल्प को सलाम करता हूं।’’
दिल्ली पुलिस मुख्यालय में आयोजित समारोह का हिस्सा बने केंद्रीय गृह राज्यमंत्री जी.किशन रेड्डी ने कहा, 2020 से दिल्ली पुलिस की चुनौतियां और संघर्ष काफी बढ़ गई हैं। कई देश ऐसे हैं जो भारत में अस्थिरता लाना चाहते हैं, पिछले वर्ष दिल्ली में हुए गैरकानूनी प्रदर्शन इस साज़िश का हिस्सा थे। दिल्ली पुलिस ने इसे जिस तरह से हैंडल किया वो सभी सुरक्षा बलों के लिए आदर्श है।
इस मौके पर दिल्ली पुलिस कमिश्नर एसएन श्रीवास्तव ने कहा कि दिल्ली पुलिस ने सराहनीय तरीके से COVID19 लॉकडाउन से निपटा। ‘दिल की पुलिस’ का खिताब अर्जित किया। उन्होंने कहा, गणतंत्र दिवस परेड में दिल्ली पुलिस की मार्चिंग कंटीजेंट को 14 वर्षों बाद प्रथम पुरस्कार मिला। जनता से सीधे संपर्क बनाने के लिए 9 जन संपर्क वाहन तैयार किए गए हैं। दिल्ली पुलिस सप्ताह में जगह-जगह जाकर जनसंपर्क बढ़ाएगी और पुलिस की पहल के बारे में बताएगी।