जम्मू-कश्मीर विधान परिषद के पूर्व सदस्य और नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेता त्रिलोचन सिंह वजीर की हत्या मामले में पुलिस प्राइम सस्पेक्ट हरप्रीत सिंह और हरदीप की तलाश में जुटी है। इस बीच त्रिलोचन सिंह की पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आई है, जिसके अनुसार उनकी हत्या सिर में गोली मरकर की गई थी।
क्राइम ब्रांच के अधिकारियों के मुताबिक, कनाडा से बेटे करण के दिल्ली पहुंचने के बाद शुक्रवार शाम लेडी हार्डिंग अस्पताल में त्रिलोचन सिंह के शव का पोस्टमार्टम किया गया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। वहीं अब तक की जांच में खुलासा हुआ है कि हरप्रीत ने अपने दोस्त हरदीप के साथ मिलकर त्रिलोचन सिंह की हत्या की है।
IGI एयरपोर्ट पर 9/11 टेरर अटैक की तरह हमले की धमकी के बाद अलर्ट
पुलिस को आशंका है कि 2 सितंबर को ही त्रिलोचन सिंह की हत्या कर दी गई थी। इसके बाद हरप्रीत 7 सितंबर तक फ्लैट में रहा।इतना ही नहीं क्राइम ब्रांच के सूत्रों ने यह भी बताया कि हरप्रीत सिंह के साथी हरमीत ने 2 सितंबर से 7 सितंबर तक oyo रूम लिया हुआ था। ये रूम मोती नगर के जिस फ्लैट में क़त्ल किया गया था, उसके पास ही लिया गया था।
कत्ल करने के बाद से हरप्रीत लगातार अपनी बहन के संपर्क में था। हरप्रीत सिंह की बहन जम्मू में रहती हैं। पुलिस की दो टीमें जम्मू में भी इस मामले की जांच में जुटी हैं, लेकिन अभी तक हरप्रीत की बहन से पुलिस का कोई संपर्क नहीं हो पाया है। त्रिलोचन सिंह वजीर का शव सड़ी-गली अवस्था में गुरुवार को पश्चिमी दिल्ली के मोतीनगर स्थित एक फ्लैट से मिला था।