किसानों का कृषि कानून के खिलाफ सोमवार को भी विरोध प्रदर्शन जारी है। किसानों के प्रदर्शन का आज 12वां दिन है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल आज किसानों से मिलने के लिए सिंघु बॉर्डर जाएंगे। इस दौरान उनके साथ कई मंत्री भी होंगे। सीएम केजरीवाल प्रदर्शनस्थल पर की गई व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे।
केंद्र के नये कृषि कानूनों का विरोध कर रहे हजारों किसान हरियाणा और उत्तर प्रदेश से लगती दिल्ली की सीमाओं पर डेरा डाले हुए हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार उनकी मांगें नहीं मानती है तो वे आंदोलन तेज करेंगे और दिल्ली पहुंचने वाली और सड़कें बंद कर देंगे।
‘आप’ के एक पदाधिकारी ने बताया, ‘‘दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल अपने मंत्रिमंडल सहयोगियों के साथ सिंघू बॉर्डर जाएंगे।’’ केजरीवाल ने रविवार को कहा था कि देशभर में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता राष्ट्रव्यापी हड़ताल का समर्थन करेंगे। उन्होंने सभी नागरिकों से किसानों का समर्थन करने की अपील भी की थी।
बता दें कि किसानों और सरकार के बीच कई राउंड की बातचीत भी हो चुकी है। 9 दिसंबर को केंद्र सरकार एवं किसानों के बीच एक बार फिर महत्वपूर्ण बैठक होनी है। किसान संगठनों का कहना है कि नए कृषि कानून लागू होने से एमएसपी जैसे महत्वपूर्ण प्रावधान खत्म हो जाएंगे।