पूर्वी दिल्ली : राजधानी दिल्ली में गुरुवार देर रात ईस्ट डिस्ट्रिक्ट के मयूर विहार इलाके में स्थित डीएनडी पर भीषण सड़क हादसा हुआ। दरअसल वहां एक एंबुलेंस आग चल रहे एक तेज रफ्तार ट्रक के कारण रुकने से ट्रक में जा घुसी। एंबुलेंस के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए। जिस कारण एंबुलेंस सवार बीमार बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि टेक्नीशियन को एलबीएस अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान ढाई वर्षीय सुभाष और सुनील कुमार (30) के तौर पर हुई है। जबकि घायल सुरेश, उनकी पत्नी मन्नो देवी, चार वर्षीय बेटे और एंबुलेंस चालक विपिन का एम्स टॉमा में उपचार जारी है। सभी की हालत नाजुक बनी हुई है। चश्मदीदों की मानें तो ये हादसा दिल्ली सरकार के प्रवर्तन विभाग की लापरवाही के चलते हुआ है। पुलिस के मुताबिक, सुरेश परिवार सहित नोएडा में रहते हैं। वह मूलरूप से मध्य प्रदेश के चित्रकूट के रहने वाले हैं। सुरेश एक कंपनी में गार्ड की नौकरी करते हैं। परिवार में पत्नी मन्नो देवी और एक चार वर्षीय बेटा है।
जबकि एक ढ़ाई साल का बेटा सुभाष भी था। सुरेश के बेटे सुभाष की तबीयत खराब चल रही थी। गुरुवार रात उसकी तबीयत बिगड़ गई। इस कारण सुरेश ने एक निजी एंबुलेंस सर्विस को कॉल कर एंबुलेंस बुलाई। सुरेश अपने बेटे सुभाष को लेकर शारदा अस्पताल लेकर गया। इस दौरान सुरेश की पत्नी और चार का बेटा भी मौजूद था। बच्चे की हालत गंभीर देखते हुए शारदा अस्पताल में उसे भर्ती नहीं किया। इसके बाद सुरेश वहां से बच्चे को दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल लेकर जाने लगा।
एंबुलेंस में सुरेश के परिवार के साथ चालक अनिल और टेक्नीशियन सुनील कुमार भी मौजूद था। गुरुवार देर रात करीब सवा तीन बजे जब वह नोएडा पार कर दिल्ली के मयूर विहार इलाके में डीएनडी टोल से आगे पहुंचे, इस दौरान उनके आगे एक ट्रक चल रहा था। थोड़ी दूरी पर आगे बढ़ते ही प्रवर्तन विभाग की टीम जांच कर रही थी।
उन्होंने जांच के लिए ट्रक को रुकवाया। ट्रक के अचानक रुकने पर उनकी एंबुलेंस पीछे से टकरा गई। इस दौरान साढ़ साल के सुभाष की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एंबुलेंस टेक्नीशियन सुनील कुमार को लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने 30 वर्षीय सुनील को मृत घोषित कर दिया।
टीम मौके से भाग गई
इस हादसे में एक चौंकाने वाली बात और रही, जी हां चश्मदीदों का कहना है कि जिस प्रवर्तन विभाग की टीम के कारण ये हादसा हुआ। वही टीम हादसे होने के बाद घायलों की मदद करने की बजाये मौके से भाग गई। डीएनडी टोल पर मौजूद सुरक्षा कर्मियों और राहगीरों ने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। इस दौरान मौके पर पहुंची एंबुलेंस उन्हें अस्पताल लेकर गई। हादसे के बाद ट्रक चालक भी मौके से फरार हो गया।