कन्नड़ अभिनेता एवं नेता अंबरीश का दिल का दौरा पड़ने से यहां एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। वह 66 वर्ष के थे। अस्पताल के अधिकारियों ने बताया कि पूर्व केंद्रीय मंत्री अंबरीश को सांस लेने में शिकायत के बाद अस्पताल लाया गया था जहां शनिवार रात उनका निधन हो गया।
पूर्व प्रधान मंत्री एच डी देवेगौड़ा, कर्नाटक के मुख्यमंत्री एच डी कुमारस्वामी और अभिनेता रजनीकांत कांटेरव स्टेडियम में पूर्व केंद्रीय मंत्री अंबरीश को अंतिम सम्मान देने पहुंचे। ‘विक्रम अस्पताल’ के अधिकारियों ने बताया, ‘‘ अंबरीश को रात नौ बजे अस्पताल लाया गया था। दिल का दौरा पड़ने से उनका निधन हो गया।”
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जताया शोक
Shri Ambareesh will always be remembered for his memorable performances as an actor and extensive contribution to politics. He was a strong voice for Karnataka’s welfare, at the state and central level. Pained by his demise. Condolences to his family & admirers: PM @narendramodi
— PMO India (@PMOIndia) 25 नवंबर 2018
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्व मंत्री अम्बरीश के निधन पर शोक जताया है। पीएम मोदी ने उनके निधन पर दु:ख जताते हुए कहा ‘‘श्री अम्बरीश को उनके यादगार अभियन तथा राजनीति में उनके वृहद योगदान के लिए याद रखा जायेगा। कर्नाटक के कल्याण के लिए उन्होंने पुरजोर आवाज उठायी। उनके निधन से दु:ख हुआ है। उनके परिवार तथा प्रशंसकों के प्रति मैं संवेदना व्यक्त करता हूँ।’’
अस्पताल के प्रवक्ता के मुताबिक अंबरीश अपने घर में अचेत अवस्था में मिले थे और उन्हें होश में लाने की कोशिश की गई। अस्पताल ले जाने के दौरान भी ये कोशिशें जारी रहीं। प्रवक्ता ने बताया कि सभी कोशिशों के बावजूद उनकी हालत जस की तस बनी रही और 10 बजकर 15 मिनट पर उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। अंबरीश तीन बार लोक सभा सदस्य तथा राज्य के पूर्व मंत्री भी रह चुके हैं।
उनके परिवार में पत्नी सुमालता (अभिनेत्री) और बेटा अभिषेक है। उनका जन्म 29 मई, 1952 को हुआ था। वह ‘विद्रोही स्टार’ के रूप में विख्यात हैं। उन्होंने चार दशक के लंबे करियर में 200 से ज्यादा फिल्मों में काम किया था। अभिनेता की सेहत कुछ वर्षों से खराब चल रही थी और उन्हें कई बार अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
अंबरीश के निधन की खबर फैलते ही मुख्यमंत्री एच डी कुमार स्वामी सहित अनेक नेता तथा अभिनेता अस्पताल पहुंचे। मुख्यमंत्री ने उनके निधन पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने अंबरीश के सम्मान में तीन दिन का शोक रखने का निर्णय किया है और उनका अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने अभिनेता को ‘अजातशत्रु’ बताया और उनके प्रशंसकों से शांति बनाए रखने की अपील की है।