केंद्र के तीन नए कृषि कानूनों के खिलाफ विभिन्न किसान यूनियन द्वारा आहूत भारत बंद के मद्देनजर सुरक्षा कारणों के चलते टिकरी बॉर्डर के पास स्थित पंडित श्रीराम शर्मा मेट्रो स्टेशन सोमवार को बंद कर दिया गया। हरियाणा स्थित यह स्टेशन ‘ग्रीन लाइन’ पर है और किसानों के प्रदर्शन स्थल के निकट स्थित है।
दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) ने ट्वीट किया, ‘‘सुरक्षा संबंधी जानकारी.... पंडित श्रीराम शर्मा मेट्रो स्टेशन के प्रवेश और निकास द्वार बंद हैं।’’ ‘ग्रीन लाइन’ दिल्ली के कीर्ति नगर स्टेशन को हरियाणा के ब्रिगेडियर होशियार सिंह स्टेशन से जोड़ती है। दिल्ली पुलिस ने भी बंद के मद्देनजर राष्ट्रीय राजधानी की सीमाओं पर सुरक्षा कड़ी कर दी है।
प्रदर्शन में शामिल 40 से अधिक किसान यूनियन का नेतृत्व कर रहे ‘संयुक्त किसान मोर्चा’ (एसकेएम) ने लोगों से भी बंद में शामिल होने की अपील की थी। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि राष्ट्रीय राजधानी में बंद के मद्देनजर कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं।
गौरतलब है कि देश के विभिन्न हिस्सों, विशेष रूप से पंजाब, हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के किसान, पिछले साल नवंबर से दिल्ली की सीमाओं पर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रदर्शनकारी केंद्र के तीन कृषि कानूनों को रद्द करने की मांग कर रहे हैं। किसानों को भय है कि इससे न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) प्रणाली खत्म हो जाएगी। हालांकि सरकार इन कानूनों को प्रमुख कृषि सुधारों के रूप में पेश कर रही है। दोनों पक्षों के बीच 10 दौर से अधिक की बातचीत हो चुकी है, लेकिन सभी बेनतीजा रहीं।