नई दिल्ली : दिल्ली में नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) के खिलाफ हुए प्रदर्शनों के दौरान हिंसा के मामले में आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। भाजपा ने दिल्ली में हिंसा के लिए कांग्रेस और सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) को जिम्मेदार ठहराया है। केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने कहा कि दिल्ली में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के लोग हिंसा के लिए उकसाने का काम करते हैं।
केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावडेकर का यह बयान उस समय सामने आया है, जब दिल्ली में विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी घमासान शुरू हो गया है। हालांकि अभी तक दिल्ली में विधानसभा चुनाव का ऐलान नहीं हुआ है। जावड़ेकर ने यहां तक कह दिया कि दिल्ली में विधानसभा चुनाव अराजकता और राष्ट्रवाद के मुद्दे पर होने जा रहा है। जावड़ेकर के इस आरोप पर कांग्रेस भड़क गई है।
कांग्रेस के पूर्व सांसद जेपी अग्रवाल ने भाजपा पर पटलवार करते हुए कहा कि प्रशासन चलना आता नहीं है, हिंसा को रोकना आपकी जिम्मेदारी थी। अगर आपको प्रशासन चलाना आता तो हिंसा की नौबत ही नहीं आती। उन्होने कहा कि दिल्ली हिंसा मामले में भाजपा के पास जांच का पूरा अधिकार है।
भाजपा को जांच कराने से मना कौन कर रहा है? जेपी अग्रवाल ने कहा कि अब भाजपा लोगों को गुमराह करना बंद कर देना चाहिए, दिल्ली में कच्ची कॉलोनियों को लेकर केजरीवाल सरकार और भाजपा राजनीति कर रही है।