नई दिल्ली : राजधानी में बढ़ रहे प्याज के दामों को लेकर दिल्ली विधानसभा में चर्चा न कराये जाने की मांग ठुकराये जाने के बाद भाजपा विधायक ओम प्रकाश शर्मा ने विधानसभा परिसर में सीएम अरविंद केजरीवाल की गाड़ी को पहले प्याज की माला दिखाई फिर पीछे से गाड़ी पर प्याज की माला को फेंक दिया। इससे पहले नेता विपक्ष विजेन्द्र गुप्ता की अगुवाई में भाजपा विधायक और अकाली विधायक मनजिंदर सिंह सिरसा प्याज के बढ़ते दामों को लेकर सदन में चर्चा कराना चाह रहे थे लेकिन उनकी इस मांग को विधानसभा अध्यक्ष राम निवास गोयल ने खारिज कर दिया।
इसके बाद भी विपक्ष अपनी मांग पर अड़े रहे और हंगामा बढ़ते देख विपक्ष के नेता विजेन्द्र गुप्ता को मार्शलों ने सदन से बाहर कर दिया। उनके मार्शल आउट होने पर विपक्ष के दूसरे विधायक भी सदन से वॉकआउट कर गए। इसके बाद उन्हाेंने प्याज की माला पहनकर विधानसभा परिसर में ही प्रदर्शन किया और मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के काफिले के पास पहुंचकर अपना विरोध जताया।
सदन की कार्यवाही शुरू होते ही विधानसभा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि विपक्ष के नेता विजेन्द्र गुप्ता ने कथित तौर पर राष्ट्रीय राजधानी में आपूर्ति किए जा रहे गंदे पानी के खिलाफ प्रदर्शन के लिए विधानसभा में 10-15 महिलाओं के समूह को आने की मंजूरी दी। इसके बाद सत्ता पक्ष और विपक्षी सदस्यों में तीखी बहस हुई। विधानसभा अध्यक्ष का कहना था विजेन्द्र गुप्ता ने सदन की गरिमा का हनन किया है।
इसीलिए वह जिस मुददे पर चर्चा कराना चाह रहे हैं, उसकी अनुमति नहीं दी जाएगी। इससे पहले भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष पूनम पराशर की अगुवाई में महिलाओं ने गंदे पानी की आपूर्ति की बात कहते हुए विधानसभा के बाहर विरोध-प्रदर्शन किया और कुछ देर बाद वे गेट के अंदर घुस गई और बैनर दिखाते हुए जोरदार नारेबाजी की।
इस बारे में सुरक्षा कर्मियों ने बताया कि प्रदर्शनकारियों से कहा गया कि वे अपना पास बनवाएं लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया और बैरीकेड के पास इंतजार करने लगे। जब किसी वाहन को रास्ता देने के लिये बैरीकेड हटाया गया तो अचानक प्रदर्शनकारी परिसर के अंदर घुस गए और नारेबाजी करने लगे। उन्हें बाद में परिसर से जबरन बाहर निकाला गया।