सिसोदिया के घर के बाहर भाजपा का हल्लाबोल

Summary :

पेट्रोल-डीजल की कीमतों में 5 रुपए कम करने की मांग को लेकर दिल्ली भाजपा ओबीसी मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने सिसोदिया के आवास के बाहर विरोध प्रदर्शन किया।

नई दिल्ली : पेट्रोल-डीजल की कीमतों में 5 रुपए कम करने की मांग को लेकर दिल्ली भाजपा ओबीसी मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने उपमुख्यमंत्री सिसोदिया के आवास के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। शुक्रवार को ओबीसी मोर्चा के युवा कार्यकर्ताओं ने भाजपा केंद्रीय कार्यालय से विरोध प्रदर्शन की शुरुआत की। प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ताओं ने उपमुख्यमंत्री आवास में एक ज्ञापन भी सौंपा, जिसमें पेट्रोल-डीजल पर पांच रुपए वैट कम करने की मांग की।

मोर्चा के अध्यक्ष गौरव खारी ने कहा कि दिल्ली सरकार, मुख्यमंत्री एवं उपमुख्यमंत्री कुंभकर​णी नींद में सोए हुए हैं। इस बहरी सरकार को नींद से जगाने के लिए मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने उपमुख्यमंत्री सिसोदिया के निवास का घेराव किया। केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने जनता को राहत देने के लिए पेट्रोल-डीजल पर ढाई रुपए प्रति लीटर कम किए। लेकिन दिल्ली की जनता ने जिन्हें भारी बहुमत से विधानसभा भेजा उन्हें यहां की जनता की कोई परवाह नहीं है।

केजरीवाल के आवास के बाहर भाजपा का प्रदर्शन

आम आदमी के नाम पर आई सरकार आम आदमी के हितों की अवहेलना कर रही है। दिल्ली सरकार गरीब जनता को पेट्रोल-डीजल पर लगने वाले वैट में राहत न देकर उनके हितों को अनदेखा कर रही है। प्रदर्शन में विनोद सहरावत, आनंद यादव, ललित खत्री, रामवीर तंवर के अलावा कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Desk Team