नई दिल्ली : भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह द्वारा दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए केन्द्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर को चुनाव प्रभारी बनाया गया है। उनके साथ केन्द्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी और केन्द्रीय राज्य मंत्री नित्यानंद राय को सह-प्रभारी बनाया गया है। तीन राज्यों के साथ ही दिल्ली के प्रभारी-सह प्रभारी बनाए जाने के बाद दिल्ली के राजनीतिक गलियारों में अटकलें लगनी शुरू हो गई हैं कि दिल्ली विधानसभा का चुनाव अन्य राज्यों के साथ ही समय से पूर्व हो सकता है।
दिल्ली में फरवरी माह में चुनाव होने हैं, लेकिन तीन राज्यों के साथ ही दिल्ली के चुनाव प्रभारियों के नाम की घोषणा करने से चर्चा शुरू हो गई है कि दिल्ली में समय पूर्व चुनाव कराए जा सकते हैं। ऐसा माना जा रहा है कि इन चारों राज्यों में एक साथ ही चुनाव संपन्न करा दिए जाएं। वहीं प्रदेश भाजपा का पूरी गति से सदस्यता अभियान जारी है और संपन्न होने वाला है। भाजपा दिल्ली अनुच्छेद 370 और 35ए के जम्मू-कश्मीर से हटाए जाने के मुद्दे को भी दिल्ली की जनता के बीच रखकर हाथों हाथ भुना रही है।
केन्द्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर का अनुभव दिल्ली विधानसभा चुनाव में पार्टी को मिलेगा। इससे पहले लोकसभा चुनाव प्रभारी के रूप में केन्द्रीय मंत्री निर्मला सीतारमण को दिल्ली की कमान सौंपी गई थी और सातों सीटों पर भाजपा रिकॉर्ड मतों से जीती। इनके अलावा सह-प्रभारी बनाए गए हरदीप सिंह पुरी के माध्यम से पार्टी दिल्ली में सिख और पंजाबी वोट बैंक को अपने पाले में लाना चाहेगी। यूं भी चौथे फेज की मेट्रो और अनधिकृत कॉलोनियों के पक्के होने की प्रक्रिया में केन्द्रीय शहरी विकास मंत्री हरदीप सिंह पुरी की अहम भूमिका रही है।
ऐसे में दिल्ली की जनता के बीच उनका चेहरा काफी लोकप्रिय बना हुआ है। वहीं केन्द्रीय राज्य मंत्री नित्यानंद राय मूल रूप से बिहार से संबंध रखते हैं। पार्टी पहले ही से प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी के रूप में पूर्वांचली वोट बैंक पर मजबूत पकड़ बना चुकी है। ऐसे में सह प्रभारी के नाते नित्यानंद राय को दिल्ली का जिम्मा देने से दिल्ली में बसे बिहार के लोगों का झुकाव भी पार्टी की तरफ होना स्वाभाविक है।
देखने वाली बात यह है कि समय से पूर्व चुनाव कराये जाने की स्थिति को भांपते हुए आम आदमी पार्टी की दिल्ली सरकार भी इन दिनों युद्धस्तर पर योजनाओं को लागू करने में जुटी हुई है। बिजली-पानी के बिलो में राहत, तीर्थ यात्रा, फ्री वाई फाई, सीसीटीवी कैमरे हो या आगंनबाड़ी कार्यकर्ताओं को टैबलेट बांटने हों, सरकार दिन-रात योजनाओं पर काम कर रही है।