नई दिल्ली : राजधानी से डेंगू को जड़ से खत्म करने के लिए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल रविवार को जनता के द्वार पहुंचे। इससे पहले मुख्यमंत्री ने सुबह दस बजे अपने घर में जमा पानी की जांच की। इसके बाद वे लोगों को जागरूक करने के लिए निकल गए। सीएम ने तीन विधानसभा क्षेत्र में जाकर लोगों को डेंगू के बारे में जानकारी दी। साथ ही लोगों को अपने घर में जमा साफ पानी को सप्ताह में एक बार अवश्य बदलने के लिए आग्रह व प्रेरित किया।
10 हफ्ते, 10 बजे, 10 मिनट, हर रविवार, डेंगू पर वार अभियान के तीसरे सप्ताह मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल गोल मार्केट, कोहाट एन्क्लेव और बुराड़ी में लोगों के घर पहुंचे। उन्होंने लोगों के घरों में जमा साफ पानी की जांच की। इस दौरान मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने लोगों को बताया कि 2015 में दिल्ली में 15 हजार केस सामने आए थे। डेंगू से 60 लोगों की मौत हुई थी।
मैं लोगों को बचाने के लिए अस्पतालों के चक्कर लगा रहा था। इसके बाद ही दिल्ली की जनता और सरकार ने डेंगू के खिलाफ अभियान चलाया। जिसका असर है कि 2018 में डेंगू के 2700 केस ही सामने आए, इसे और कम करना होगा। सीएम ने कहा कि मुझे कुछ माह पहले डाॅक्टरों ने बताया कि डेंगू का मच्छर तीन-चार साल में फिर सिर उठाता है। इस साल संभावना थी कि डेंगू सिर उठाएगा। इसी कारण इसके खिलाफ व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। मुझे खुशी है कि कई भ्रांतियां टूटी हैं। लोग जागरूक हुए हैं। हम सबको मिलकर अपने परिवार के स्वास्थ्य के लिए सौ घंटे निकालने होंगे।
फूलों की बारिश कर स्वागत
बुराड़ी में मुख्यमंत्री से मिलने के लिए लोगों की करीब एक किलोमीटर लंबी कतार लगी थी। इस दौरान महिलाओं ने अरविंद केजरीवाल पर फूलों की बारिश भी की। इस दौरान उन्होंने ‘दिल्ली कहे दिल से केजरीवाल फिर से” का नारा भी लगाया। हालांकि मुख्यमंत्री ने मौके पर किसी भी प्रकार की राजनीतिक बात करने से इंकार कर दिया।
लोगों ने ली सीएम के साथ सेल्फी
सीएम केजरीवाल से मिलने के लिए लोगों में जबरदस्त उत्साह दिखा। बच्चे से लेकर बुजुर्गों ने सीएम के साथ सेल्फी ली। हालांकि मुख्यमंत्री ने भी किसी को निराश नहीं किया। सेल्फी के दौरान भी सीएम ने लोगों को डेंगू पर खूब जागरूक किया