नई दिल्ली : राजधानी दिल्ली में यदि इन दिनों आप बीमार हो गए, तो इलाज की उम्मीद न करें। क्योंकि यहां पर पिछले कई दिनों से स्वास्थ्य सेवाएं हड़ताल से जंग लड़ रही हैं। डॉक्टरों और पैरामेडिकल कर्मियों की हड़ताल के बाद अब कैट्स एम्बुलेंस के कर्मियों ने हड़ताल पर का ऐलान कर दिया है।
शनिवार को करीब 80 फीसदी सेवाएं प्रभावित रही। दिन में लोग एम्बुलेंस के लिए 102 पर डायल करते रहे पर उन्हें मदद नहीं मिली। जिसकी वजह से मरीजों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। हड़ताल पर गए कैट्स एम्बुलेंस के कर्मियों ने कहा कि उन्हें पीछले दो महीने से वेतन नहीं मिला है, जिसकी वजह से उन्हें मजबूरन हड़ताल पर जाना पड़ा। हड़ताल की स्थिति जानने के लिए पंजाब केसरी ने दिन में कई बार 102 नम्बर को डालय किया।
एक भी बार किसी की प्रतिक्रिया नहीं आई। ऐसे में इस बात का अंदाजा लगाया जा सकता है कि मरीजों को एम्बुलेंस नहीं मिलने की वजह से कितनी बड़ी समस्या का सामना करना पड़ा होगा। कैट्स एम्बुलेंस के कर्मचारियों का कहना है कि सेवा का संचालन करने वाली कंपनी बीवीजी ने उन्हें पिछले ढाई महीने का वेतन नहीं दिया है। ऐसे में उनके पास हड़ताल पर जाने के अलावा कोई और विकल्प नहीं बचा है। कैट्स से जुड़े कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि उन्हें वेतन नहीं मिला तो वे रविवार को पूरी तरह सेवाएं बंद करने पर मजबूर हो जाएंगे।