नई दिल्ली : भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ की ओर से यमुना स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में शुक्रवार को व्यापारियों के सम्मेलन का आयोजन किया गया। इसमें काफी संख्या में व्यापारियों ने भाग लिया। सम्मेलन को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी, सांसद विजय गोयल, गौतम गंभीर और हंसराज हंस और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सतीश उपाध्याय ने संबोधित किया।
इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष मोहन सिंह बिष्ट, विधायक ओम प्रकाश शर्मा, ईडीएमसी की मेयर अंजू कमलकांत, स्थाई समिति अध्यक्ष संदीप कपूर, नेता सदन निर्मल जैन, पूर्व विधायक अनिल बाजपेई, उत्तर पूर्व, नवीन शाहदरा, शाहदरा और मयूर विहार जिले के पदाधिकारी भी मौजूद रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मनोज तिवारी ने कहा कि जब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश उत्तरोत्तर विकास के पथ पर अग्रसर है।
व्यापारियों के हितों की रक्षा के लिए कई बुनियादी योजनाओं को पारदर्शी ढंग से लागू कर भ्रष्टाचार मुक्त माहौल तैयार किया गया है जिससे व्यापारियों की देश के विकास में समुचित भागीदारी हो सके। उन्होंने कहा कि व्यापारियों में भरोसा कायम रखने के लिए केन्द्र सरकार को जो भी करना पडे़गा सरकार करेगी। वहीं विजय गोयल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने एक राष्ट्र, एक टैक्स लाकर जहां भ्रष्टाचार से व्यापारियों को निजात दिलायी, वहीं छोटे व्यापारियों को कई करों से मुक्ति दिलाई, सस्ती दरों पर लोन की व्यवस्था कर बैंकों और व्यापारियों को नजदीक लाया गया जिससे व्यापारियों के हौसले को नया आयाम मिला।
सांसद गौतम गंभीर ने कहा कि मैं खुद एक व्यापारी परिवार से हूं इसलिए व्यापारी वर्ग की हर परिस्थिति से वाकिफ हूं और सभी की हर समस्या का समाधान करने के लिए तैयार हूं। सांसद हंसराज हंस ने कहा कि दिल्ली में अन्ना हजारे के आंदोलन से निकले एक ऐसे हठ योगी की सरकार है, जो देश की राजधानी को 10 वर्ष पीछे ले गया है। सतीश उपाध्याय ने कहा कि भाजपा हमेशा व्यापारियों के साथ खड़ी रही है। देश में अब ऐसी सरकार है जो सबका भला करने के लिए सेवक की तरह काम कर रही है।
एक दिन में दो कार्यक्रम से फीका पड़ा व्यापारी सम्मेलन
व्यापारियों के सम्मेलन का सम्मेलन बहुत ज्यादा असर नहीं दिखा सका। दरअसल प्रधानमंत्री से कच्ची कॉलोनियों के प्रतिनिधियों से मिलने का दिन भी शुक्रवार निर्धारित किया गया था। इसके बाद सूरजमल विहार में व्यापारियों का सम्मेलन संपन्न होना था, लेकिन एक ही दिन दो बड़े कार्यक्रम रखे जाने की वजह से रंग में भंग पड़ गया। समय के अनुसार व्यापारी वर्ग स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में जुटना शुरू हो गया।
उन्हें सांसद गौतम गंभीर ने संबोधित किया और काफी समय तक व्यापारी रुके भी रहे, लेकिन मुख्य अतिथि पीयूष गोयल कार्यक्रम में नहीं पहुंचे। वहां प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी, सांसद विजय गोयल और हंसराज हंस प्रधानमंत्री से कच्ची कॉलोनियों के प्रतिनिधियों के साथ मिलकर जब तक पहुंचे तो भीड़ पहले के मुकाबले काफी कम रह गई थी। बताया गया है कि कार्यकर्ताओं को छोड़ दें तो गिने-चुने व्यापारी ही बचे थे।
ऐसे में कार्यकर्ताओं से लेकर व्यापारियों के बीच एक ही सवाल उठ रहा था कि जब प्रधानमंत्री का कार्यक्रम तय था तो उसी दिन व्यापारी सम्मेलन क्यों रखा गया।