भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर आजाद आज दिल्ली में जंतर-मंतर पर हुंकार रैली में शामिल होने वाले है।शुक्रवार को बसपा संस्थापक कांशीराम की जयंती है। बताया जा रहा है कि इस रैली में कांशीराम की बहन भी शामिल हो सकती हैं। चंद्रशेखर को गुरुवार शाम को मेरठ के आनंद अस्पताल से छुट्टी मिल गई। वह दर्जनभर समर्थकों सहित दिल्ली रवाना हो गए।
इससे पहले चंद्रशेखर ने कहा कि दिल्ली में जंतर-मंतर पर शुक्रवार को होने वाली बहुजन हुंकार रैली में वह हर हाल में शामिल होंगे। देवबंद में मंगलवार को पुलिस ने बहुजन हुंकार यात्रा को आचार संहिता के उल्लंघन में रोकते हुए भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर को हिरासत में ले लिया था। ब्लड प्रेशर की दिक्कत के चलते उनका उपचार मेरठ के आनंद अस्पताल में चल रहा था।
एक दिन पहले कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी, ज्योतिरादित्य सिंधिया और राजबब्बर भी चंद्रशेखर से मिलने हॉस्पिटल पहुंचे थे। गुरुवार शाम चार बजे चंद्रशेखर को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। इसके तुरंत बाद वह समर्थकों सहित दिल्ली रवाना हो गए। मेरठ से करीब चार-पांच गाड़ियों में उनके समर्थक भी साथ गए हैं।
चंद्रशेखर रावण लड़ेंगे पीएम मोदी के खिलाफ लोकसभा चुनाव
सुरक्षा के लिहाज से पुलिस भी साथ है। दिल्ली रवाना होने से पहले चंद्रशेखर ने कहा कि शुक्रवार को दिल्ली में बहुजन हुंकार रैली में वह हर सूरत में पहुंचेंगे। इसके लिए वह आखिरी दम तक जुटे रहेंगे। उन्होंने सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि देवबंद में यात्रा रोकने का मकसद दंगा कराना था। चंद्रशेखर ने यह भी कहा कि सरकार उनकी रैली को विफल करना चाहती है, इसलिए दिल्ली जाने वाली 17 गाड़ियों को रद्द किया गया है।