नई दिल्ली : दिल्ली के उपराज्यपाल अनिल बैजल ने गुरुवार को पुनर्गठित नई दिल्ली नगर पालिका परिषद(एनडीएमसी) के सदस्यों को भारत के संविधान के तहत सत्य और निष्ठा की शपथ दिलाई। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और नई दिल्ली लोकसभा क्षेत्र की भाजपा सांसद मीनाक्षी लेखी ने एनडीएमसी के सदस्य के रूप में शपथ ग्रहण की।
साथ ही दिल्ली के मुख्य सचिव विजय कुमार देव ने भी एनडीएमसी के अध्यक्ष और सदस्य के रूप में शपथ ग्रहण किया। एनडीएमसी का पुनर्गठन भारत सरकार के गृह मंत्रालय की एक अधिसूचना के अनुसार एनडीएमसी अधिनियम 1994 की धारा- 4 के तहत किया गया है।
गौरतलब है कि परिषद की अवधि पांच वर्ष की होती है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, नई दिल्ली लोकसभा क्षेत्र की सांसद मीनाक्षी लेखी, दिल्ली छावनी बोर्ड के विधायक सुरेन्द्र सिंह, दिल्ली के मुख्य सचिव विजय कुमार देव, गृह मंत्रालय, भारत सरकार के अतिरिक्त सचिव गोविंद मोहन, आवास और शहरी मामलों के मंत्रालय के संयुक्त सचिव नंदिता गुप्ता, दिल्ली की शहरी विकास सचिव मनीषा सक्सेना और विकास आनंद, आईएएस, ने भी पुनर्गठित नई दिल्ली नगरपालिका परिषद के सदस्य के रूप में शपथ ग्रहण किया।