नई दिल्ली : राफेल सौदे के विषय में लगाए गए निराधार आरोप से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की छवि को धूमिल करने के विरोध में शुक्रवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस मुख्यालय पर प्रचण्ड प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के अपमान से देश का हर नागरिक व भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता आहत हुआ है।
शुक्रवार को हजारों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता विज्ञान भवन पर एकत्रित होकर राहुल गांधी ने क्या किया, देश को शर्मसार किया, होश में आओ, होश में आओ, राहुल गांधी होश में आओ जैसे नारे लगा रहे थे। इस प्रदर्शन में सांसद प्रवेश साहिब सिंह, राष्ट्रीय मंत्री सरदार आरपी सिंह, प्रदेश संगठन महामंत्री सिद्धार्थन, महामंत्री रविन्द्र गुप्ता भी मौजूद रहे। मनोज तिवारी ने कहा कि सर्वोच्च न्यायलय ने महत्वपूर्ण फैसला सुनाते हुए राफेल मामले में अपने फैसले के खिलाफ दायर सभी याचिकाओं को निराधार बताकर खारिज कर दिया।
न्यायालय ने उस विवाद को भी खारिज कर दिया कि 58,000 करोड़ रुपये के सौदे के संबंध में एक प्राथमिकी दर्ज करने की आवश्यकता थी। साथ ही न्यायालय ने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी को उनकी विवादित टिप्पणी के लिए नसीहत देते हुए कहा है उन्हें आगे के लिए ऐसी टिप्पणियों के लिए सावधान रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि कोर्ट की इन टिप्पणियों ने यह स्पष्ट कर दिया है कि किस प्रकार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की छवि को धूमिल करने का षड्यंत्र कांग्रेस पार्टी द्वारा रचा गया है।
प्रधानमंत्री का अपमान देश के हर नागरिक का अपमान है जिसे लेकर कांग्रेस को देश की जनता से माफी मांगनी चाहिए। राज्यसभा सांसद विजय गोयल ने कहा कि राहुल गांधी को अपने भाषणों व वक्तव्यों पर विचार करना चाहिए क्योंकि उनके द्वारा बोली गई हर बात पाकिस्तान के अखबारों व चैनलों पर बड़े विस्तार से दिखायी जाती हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और आम आदमी पार्टी का चरित्र व संस्कार एक जैसा है।
राहुल गांधी और मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल ने एक बार नहीं अनेकों बार प्रधामनंत्री मोदी के लिए आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किया है जिसके लिए राहुल गांधी को देश से और केजरीवाल को दिल्ली की जनता से माफी मांगनी चाहिए। नेता प्रतिपक्ष विजेन्द्र गुप्ता ने कहा कि दिन-प्रतिदिन जनता के बीच अपनी विश्वसनीयता को खोता देख व भ्रष्टाचार के इतिहास में लिप्त कांग्रेस अपनी बौखलाहट निकालने का कोई मौका नहीं छोड़ती हैं। उन्होंने कहा कि ज्ञान की कमी और राजनीतिक अपरिपक्वता राहुल गांधी के बयानों में साफ नजर आती है।
नकारात्मक विचारों के कारण ही कांग्रेस आज अपने अस्तित्व की लड़ाई लड़ रही है। कार्यक्रम के संयोजक राजेश भाटिया ने कहा कि प्रधामनंत्री मोदी जोड़ने की राजनीति करते हैं, लेकिन कांग्रेस ने हमेशा तोड़ने की राजनीति करते हुए मतदाताओं का तुष्टिकरण व ध्रुवीकरण किया है। कांग्रेस का जनाधार समाप्त होने की स्थिति में है, लेकिन आज भी कांग्रेस के नेता आत्ममंथन करने की बजाय जनता पर ही इसका दोषारोपण करते हैं।