नई दिल्ली : लोकसभा चुनाव के लिए रविवार को आम आदमी पार्टी (आप) ने जो तेवर अपनाए हैं उनको लेकर गठबंधन पर असमंजस की स्थिति बनती दिख रही है। पश्चिमी दिल्ली सीट पर प्रत्याशी की घोषणा करते हुए आप के दिल्ली संयोजक गोपाल राय ने कहा कि देश को मोदी और शाह की तानाशाही से बचाने के लिए आप ने सोचा था कि कांग्रेस के साथ भी अगर समझौता करना पड़े तो करेंगे। लेकिन पिछले तीन महीने से कांग्रेस की जो गैर जिम्मेदाराना हरकतें सामने आ रही हैं वे बड़ी ही निराशाजनक हैं।
कांग्रेस गठबंधन को लेकर गंभीर नहीं है लगता है कि गठबंधन सिर्फ मीडिया में ही हो रहा है। हालांकि उन्होंने कहा कि गठबंधन के लिए अब समय बहुत आगे निकल चुका है। मगर दरवाजे अभी खुले हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली के सभी लोग बेहतर जानते हैं कि दिल्ली में भाजपा को हराने का दम केवल आप में है। लेकिन कांग्रेस दिल्ली में अकेले लड़कर केवल भाजपा को जिताने में उसकी मदद का काम कर रही है और दिल्ली वालों का जो हक है पूर्णराज्य उसको कुचलने का काम कर रही है।
गठबंधन के बारे में पूछे जाने पर राय ने कहा कि एक तरफ कांग्रेस कहती है कि बातचीत के लिए तैयार हैं, लेकिन अब तक गठबंधन सिर्फ अखबारों में कर रही है। गठबंधन और रणनीति अखबारों में नहीं बनती। देश से भाजपा को हटाने के लिए कांग्रेस को गंभीर होना होगा। लेकिन कांग्रेस देर कर चुकी है। यह पूछे जाने पर कि गठबंधन हुआ तो क्या किसी आप उम्मीदवार का टिकट कटेगा? इस पर राय ने कहा कि फिलहाल उम्मीदवार यही रहेंगे। यह पूछे जाने पर कि अगर कांग्रेस से ऑफर आता है तो आप बातचीत करेगी? गोपाल राय ने कहा कि आप ने बातचीत कभी बंद नहीं की। हालांकि कांग्रेस सिर्फ मीडिया में बातचीत करती है।
हम पहले दिन से कह रहे हैं कि दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, गोवा और चंडीगढ़ को मिलाकर 33 सीटें हैं जिस पर बैठकर बातचीत करने को तैयार हैं। इन सीटों की संख्या इतनी बड़ी है जिनकी जीत हार केंद्र में सरकार बनाने में भूमिका निभाएगी। लेकिन कांग्रेस का ढुलमुल रवैया है। यह पूछे जाने पर कि कांग्रेस से ऑफर आया है तो स्वीकार करेंगे या नहीं? इस पर राय का जवाब था कि अभी स्थिति यह है कि आप ने सात सीटों पर उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं।
हालांकि आप का रुख साफ है कि पांच राज्यों में रास्ता बनता है और ठोस बातचीत होती है तो निश्चित तौर पर हम बातचीत करेंगे। यह पूछे जाने पर कि क्या आम आदमी पार्टी की तरफ से गठबंधन का दरवाजा खुला है? इस पर गोपाल राय ने साफ किया कि कांग्रेस अगर गंभीरता से बातचीत करती है तो हम बातचीत के लिए तैयार हैं।
कांग्रेस करा रही झूठी खबरें प्लांट : नागेंद्र शर्मा
गठंबंधन की अटकलों पर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के मीडिया सलाहकार नागेन्द्र शर्मा ने ट्वीट कर कहा है कि कांग्रेस झूठी खबरें प्लांट करा रही है। कांग्रेस भाजपा को हराने के लिए गंभीर नहीं है। कांग्रेस ने आप से कोई बात नहीं की है।
पार्टी कहेगी तो सीट छोड़ दूंगा : जाखड़
कांग्रेस से गठबंधन की अटकलों के बीच पश्चिमी दिल्ली से आप के प्रत्याशी बलबीर सिंह से यह पूछे जाने पर कि गठंबंधन होता है और उनकी सीट गठबंधन में चली जाती है तो क्या करेंगे? उन्होंने कहा कि टिकट देने का फैसला पार्टी का है। पार्टी जो आदेश देगी उसका पालन किया जाएगा। यह पूछे जाने पर कि इस अनिश्चितता के माहौल में वह अपना प्रचार अभियान कैसे चलाएंगे? उन्होंने कहा कि अभी मैं पश्चिमी दिल्ली लोकसभा सीट से पार्टी का प्रत्याशी हूं। सोमवार से मैं चुनाव प्रचार पूरे जोर शोर से करुंगा।
कांग्रेस ने कहा तो क्या केजरीवाल झूठ बोल रहे थे… आप पार्टी के नेताओं के उस बयान पर कांग्रेस ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है जिसमें आप का कहना है कि कांग्रेस गठबंधन के लिए मीडिया में खबरे प्लांट करा रही है। आप पार्टी के मंत्री और प्रदेश संयोजक गोपाल राय ने कहा है कि आप और कांग्रेस के गठबंधन की खबरें सिर्फ मीडिया में ही, वास्तव में कांग्रेस की ओर से उनके पास कोई गठबंधन के लिए बात करने सामने नहीं आया है।
इस पर कांग्रेस के प्रवक्ता जितेन्द्र कोचर का कहना है कि आप पार्टी को यह कहने से पहले अपनी पार्टी के मुखिया और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के उन बयानों को सुन लेना चाहिए था जिसमें केजरीवाल खुले मंच से कांग्रेस के साथ गठबंधन की बात कर रहे थे। कोचर का कहना है कि अब अगर इनकी बात को सही माना जाए तो क्या केजरीवाल पहले झूठ बोल रहे थे। पहले आप पार्टी आपस में यह तय कर ले कि कौन सही कह रहा है और कौन झूठ।
आप ने किया सातवां लोकसभा उम्मीदवार घोषित
लोकसभा चुनावों के लिए कांग्रेस के साथ गठबंधन की चर्चाओं के बीच आम आदमी पार्टी (आप) ने रविवार को पश्चिमी दिल्ली सीट पर अपने सातवें उम्मीदवार का नाम घोषित कर दिया है। इस सीट से बलबीर सिंह जाखड आप के उम्मीदवार होंगे। रविवार को आप के दिल्ली प्रदेश संयोजक एवं कैबिनेट मंत्री गोपाल राय ने पार्टी मुख्यालय में आप के सातवें लोकसभा प्रत्याशी के नाम की घोषणा की।
उन्होंने कहा कि इससे पहले पार्टी ने गत दो मार्च को दिल्ली की कुल सात लोकसभा सीटों में से छह सीटों पर अपने उम्मीदवारों के नाम का ऐलान किया था। पश्चिमी दिल्ली लोकसभा सीट पर अभी तक कोई प्रत्याशी नही था। इस सीट के संबंध में पार्टी के पास कई लोगों के नामों के सुझाव आए थे। उनमें से पार्टी ने बलबीर सिंह जाखड़ को पश्चिमी लोकसभा सीट से अपना लोकसभा प्रत्याशी बनाने का निर्णय किया।