दिल्ली चुनाव : कांग्रेस ने जारी किया अपना घोषणापत्र, सत्ता में आते 6 महीने के भीतर जनलोकपाल बिल लाने का किया वादा

Summary :

घोषणापत्र में कांग्रेस ने सामाजिक कल्याण के लिए तिपहिया और ई-रिक्शा चालकों के सभी बाकी लोन माफ करने का वादा किया है।

कांग्रेस ने दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए आज अपना घोषणापत्र जारी किया है। कांग्रेस के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सुभाष चोपड़ा, आनंद शर्मा और अजय माकन ने इस बार दो घोषणापत्र जारी किए हैं। घोषणापत्र जारी करते हुए पार्टी ने कहा की हमारा घोषणापत्र एक समावेशी घोषणापत्र है जो सभी दिल्लीवासियों की आशाओं और आकांक्षाओं को दर्शाता है।
घोषणापत्र में कांग्रेस ने सामाजिक कल्याण के लिए तिपहिया और ई-रिक्शा चालकों के सभी बाकी लोन माफ करने का वादा किया है। साथ ही दिल्ली की स्वास्थ्य व्यवस्था को फिर से दुरुस्त करने के लिए “स्वास्थ्य सेवा अधिनियम” के तहत प्रत्येक नागरिक को मुफ्त स्वास्थ्य सेवा और मुफ्त दवाओं मुहैया कराई जाने को कहा गया है। 


कांग्रेस ने कहा कि हमारी सरकार आई तो हम बिजली के बिल में 300 से 400 यूनिट में पचास फीसदी, 400 से 500 फीसदी यूनिट में 30 फीसदी और 500 से 600 यूनिट में 25 फीसदी की सब्सिडी देंगे। उन्होंने कहा कि हम छोटे दुकानदारों को दो सौ यूनिट तक मुफ्त बिजली देने की योजना है।

पार्टी दिल्ली के सीनियर सिटीजन के लिए ‘शीला पेंशन योजना’ लेकर आएगी, जिसके माध्यम से वरिष्ठ नागरिकों को 5000 रूपए की पेंशन देने की योजना है। दिल्ली में प्रदूषण की स्थिति को देखते हुए पार्टी ने कहा कि अगर हमारी सरकार आती है तो हम प्रदूषण कम करने के लिए बजट का 25 प्रतिशत खर्च करेंगे। 
केजरीवाल सरकार पाए वार करते हुए पार्टी ने कहा, दिल्ली की वर्तमान सरकार जनलोकपाल बिल के नारे के साथ सत्ता में आई थी। जो जनलोकपाल कांग्रेस सरकार लाई थी, उसे AAP सरकार ने कमजोर कर दिया। सत्ता में आते ही हम 6 महीने के भीतर एक बेहतरीन जनलोकपाल बिल लाएंगे।  
बेरोजगारी को दिल्ली की बहुत बड़ी समस्या बताते हुए पार्टी ने स्नात्तक और स्नात्तकोत्तर बेरोजगार युवाओं को क्रमशः 5000 एवं 7500 बेरोजगारी भत्ता देने और 100 दिन की स्किल ट्रेनिंग करवाने का वादा किया है। साथ ही सरकारी नौकरियों में महिलाओं को 33% आरक्षण देने की बात कही गई है। घोषणापत्र में कांग्रेस दिल्ली में महिलाओं के रोज़गार और आत्मनिर्भरता के लिए 100 इंदिरा कैंटीन चालू करेगी, जहाँ सिर्फ महिला स्टाफ कार्यरत होगा। 

Desk Team