देहरादून : भाजपा नेता पर महिला के उत्पीड़न के आरोप को लेकर कांग्रेस हमलावर हो गई। कार्यकर्ताओं ने आरोपित की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। साथ ही भाजपा का पुतला भी जलाया। कांग्रेस के महानगर अध्यक्ष लालचंद शर्मा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस भवन से भाजपा के खिलाफ नारे लगाते हुए कार्यकर्ता एस्लेहाल चौक पहुंचे। यहां उन्होंने भाजपा का पुतला दहन किया। इस दौरान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि भाजपा संगठन महामंत्री ने जिस तरह से अपनी पार्टी की महिला कार्यकर्ता का उत्पीड़न किया, वह गंभीर मामला है।
इस पर सरकार कार्यवाही करने को तैयार नहीं है। उन्होंने कहा कि अभी तक आरोपी के खिलाफ मुकदमा तक दर्ज नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि यदि आरोपी के खिलाफ जल्द मुकदमा दर्ज न किया गया तो कांग्रेस सड़क पर उतरेगी। उन्होंने कहा कि सरकार जीरो टॉलरेंस की तो बात कर रही है, मगर कार्रवाई के नाम पर महिला उत्पीड़न जैसे मामलों पर भी कोई कार्रवाई नहीं की जा रही हैं। उन्होंने पीएम के केदारनाथ दौरे पर कहा कि कांग्रेस शासनकाल में 2013 की आपदा के लिए 700 करोड़ का पैकेज दिया गया था।
इस पैकेज से काफी काम केदारनाथ में हुए। अभी 300 करोड़ रुपये केंद्र ने रिलीज नहीं किए हैं। ऐसे में पीएम को चाहिए कि वह केदारनाथ के दौरे और ड्रोन से समीक्षा करने के बजाय केदारनाथ पुनर्निर्माण के लिए बजट उपलब्ध कराएं। नोटबंदी पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि दो साल के भीतर नोटबंदी की कार्रवाई खोखली साबित हुई। कहा कि न तो काले धन पर रोक लगी और ना ही नोटबंदी से कालेधन का कारोबार कम हुआ। प्रदर्शन करने वालों में कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना, पूर्व विधायक राजकुमार आदि भी शामिल थे।