देशभर में कोरोना वायरस का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। संक्रमितों का आंकड़ा दिन पर दिन लगातार तेजी से बढ़ रहा है। उत्तर प्रदेश के जनपद गौतमबुद्ध नगर में बुधवार को कोविड-19 के 64 नए मामले सामने आए। कोरोना वायरस के संक्रमण की वजह से जनपद गौतमबुद्ध नगर में 24 घंटे में एक व्यक्ति की मौत हुई है। अब कोविड-19 से जनपद में मरने वालों की संख्या 41 हो गई है। 97 लोग 24 घंटे के अंदर ठीक होकर अस्पताल से डिस्चार्ज हुए हैं।
जिला निगरानी अधिकारी डॉ. मनोज कश्यप ने बताया कि बुधवार को कोविड-19 के 64 नए मामले सामने आए। उन्होंने बताया कि इनको मिलाकर जनपद में अब तक 4,962 लोग कोविड-19 से संक्रमित पाए जा चुके हैं। जिनमें 4,242 लोग उपचार के दौरान ठीक हो कर घर जा चुके हैं, जबकि 679 लोगों का यहां के विभिन्न अस्पतालों में उपचार चल रहा है। उन्होंने बताया कि जो मरीज आज संक्रमित पाए गए हैं, उन्हें यहां के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती करके उनका उपचार शुरू किया गया है। उन्होंने बताया कि कोविड-19 की संक्रमण की वजह से 24 घंटे के अंदर एक व्यक्ति की मौत हुई है।
उन्होंने बताया कि अब तक जनपद गौतमबुद्ध नगर में 41 लोगों की मौत कोरोना वायरस की वजह से हो चुकी है। जिला निगरानी अधिकारी ने बताया कि अबतक 81,917 लोगों का कोरोना वायरस की जांच के लिए नमूने लिये गए हैं जिनमें 4,962 लोग संक्रमित पाए गए हैं। उन्होंने बताया कि गौतमबुद्ध नगर में कोरोना वायरस की वजह से 413 निषेध क्षेत्र बनाए गए हैं। जहां पर आवश्यक वस्तुओं व आवश्यक सेवाओं के अलावा अन्य लोगों का आवागमन प्रतिबंधित किया गया है। यहां पर जिला प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग सैनिटाइजेशन आदि का कार्य कर रहा है।
बताते चले कि देशभर में कोरोना का विस्फोट जारी है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के मुताबिक संक्रमितों का आंकड़ा 15,31,669 तक पहुंच गया है और 34,193 लोगों की जान जा चुकी है। वहीं, इस वायरस से अब तक 9,88,029 लोग ठीक हो चुकी है।