देश की राजधानी दिल्ली में कोरोना वायरस का कहर जारी है। संक्रमितों का आंकड़ा दिन पर दिन लगातार तेजी से बढ़ रहा है। बीते 24 घंटे में कोरोना के 1,462 नए मामले सामने आए हैं और 26 लोगों की मौत हो गई है। 1,462 नए मामलों के साथ राज्य में संक्रमितों का आंकड़ा 1.2 लाख के पार हो चुका है। राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने यह जानकारी दी।
दिल्ली के स्वास्थ्य विभाग के बुलेटिन के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में 26 लोगों की कोरोना वायरस से मौत हो गयी। यह लगातार सातवां दिन है जब 1,000-2000 के बीच कोविड-19 के नए मामले आए हैं। हालांकि शुक्रवार को सामने आये मामले बृहस्पतिवार को सामने आये (1,652) मामलों से कम हैं। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, शुक्रवार को उपचाररत मरीज 17,235 हैं जो उससे एक दिन पहले के 17,407 से कम हैं।
राष्ट्रीय राजधानी में 23 जून को संक्रमण के अब तक के सर्वाधिक 3,947 मामले आए थे। बृहस्पतिवार को दिल्ली में मृतकों की संख्या 3,545 थी। शुक्रवार के बुलेटिन में कहा गया कि संक्रमण से मृतकों की संख्या 3,571 हो गयी है और कुल संक्रमितों की संख्या बढ़ कर 1,20,107 हो गयी।
बताते चले कि देशभर में कोरोना का प्रकोप जारी है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकड़ो के मुताबिक, संक्रमितों का आंकड़ा 10,03,832 तक पहुंच गया है और 25,602 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, इस वायरस से अब तक 6,35,757 लोग ठीक हो चुके हैं।