दिल्ली में कोरोना वायरस का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। बीते 24 घंटे में कोरोना के 1,195 नए केस सामने आए हैं, जिसके बाद संक्रमितों का आंकड़ा 1.35 लाख के पार पहुंच गया है। जबकि इस महामारी से मृतकों की संख्या बढ़कर 3,963 हो गई हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
सोमवार को प्रतिदिन सामने आने वाले मामलों की संख्या गिरकर 613 हो गई थी जो दो महीनों में सबसे कम मामले थे। मंगलवार से मामलों की संख्या एक हजार से अधिक मामले सामने आये हैं। दिल्ली स्वास्थ्य विभाग के शुक्रवार को जारी बुलेटिन के अनुसार पिछले 24 घंटे में 27 और लोगों की मौत हुई है। बुलेटिन के अनुसार राष्ट्रीय राजधानी में शुक्रवार को 10,705 लोगों का इलाज चल रहा है। दिल्ली में बृहस्पतिवार को कोविड-19 से मृतकों की संख्या 3,936 थी।
बुलेटिन के अनुसार मृतकों की संख्या अब बढ़कर 3,963 और मामलों की कुल संख्या बढ़कर 1,35,598 हो गई हैं। शुक्रवार के बुलेटिन के अनुसार कोविड अस्पतालों में बिस्तरों की कुल संख्या में से 11,371 खाली हैं। इसमें कहा गया है कि कोविड देखभाल केन्द्रों में 4,252 बिस्तरों पर वे लोग हैं जो पृथक-वास में हैं। बुलेटिन के अनुसार अब तक 1,20,930 मरीज स्वस्थ हो गये हैं। घरों में पृथक-वास में रह रहे लोगों की संख्या 5,763 है।
बुलेटिन के अनुसार शुक्रवार को रैपिड एंटीजन जांच की संख्या 13,462 थी जबकि आरटी-पीसीआर, सीबीएनएएटी और ट्रूनेट जांच की संख्या 5629 है और इस तरह कुल संख्या 19,091 है। शहर में शुक्रवार को निरूद्ध क्षेत्रों की संख्या 692 थी।
बताते चले कि देशभर में कोरोना वायरस का प्रकोप जारी है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकडों के मुताबिक संक्रमितों का आंकड़ा 16,38,870 तक पहुंच गया है और 35,747 लोग की जान जा चुकी है। वहीं, इस वायरस से अब तक 10,57,805 लोग ठीक हो चुके हैं।