दूरसंचार कंपनियों को दूसरा वैध दस्तावेज देकर AADHAR डेटा हटवा सकते हैं ग्राहक – COAI

Summary :

दूरसंचार कंपनियों के शीर्ष संगठन सीओएआई ने कहा कि जो भी ग्राहक दूरसंचार प्रदाताओं के रिकॉर्ड से अपनी आधार से जुड़ी जानकारियां हटवाना

दूरसंचार कंपनियों के शीर्ष संगठन सीओएआई ने कहा कि जो भी ग्राहक दूरसंचार प्रदाताओं के रिकॉर्ड से अपनी आधार से जुड़ी जानकारियां हटवाना चाहते हैं, वे सत्यापन के लिये कोई वैकल्पिक वैध प्रमाण-पत्र दे सकते हैं।

सेल्युलर ऑपरेटर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (सीओएआई) के महानिदेशक राजन एस मैथ्यू ने कहा, ‘दूरसंचार कंपनियों की दूर संचार विभाग के साथ बैठक हुयी। जिसमें स्पष्ट किया गया है कि यदि ग्राहक दूरसंचार कंपनियों के डेटा बेस से अपना आधार विवरण हटवाना चाहता है तो उसे इसकी अनुमति दी जानी चाहिये।’

आधार सत्यापन से माइक्रो-एटीएम से गैस सब्सिडी निकालने की सुविधा जारी रहेगी – UIDAI

उन्होंने कहा कि दूरसंचार कंपनियों को ग्राहक द्वारा दिये गये दस्तावेज का सत्यापन करने के लिये कुछ समय की जरूरत होगी लेकिन जब तक दस्तावेज सत्यापित नहीं हो जाता आपका कनेक्शन काम करता रहेगा।

मैथ्यू ने कहा, ‘ग्राहकों को अपने सेवा प्रदाताओं को फोन करके सेवा या बिक्री केंद्र की जानकारी लेनी होगी, जहां जाकर वो आधार विवरण को हटवाने का अनुरोध कर सकते हैं।’

सरकार ने बृहस्पतिवार को स्पष्ट किया कि आधार के जरिये जारी किये मोबाइल कनेक्शन पर बंद होने का कोई खतरा नहीं है। साथ ही उन रिपोर्ट को भी खारिज किया है जिसमें कहा गया था कि उच्चतम न्यायालय के आधार मामले पर आये फैसले के बाद 50 करोड़ या आधे से अधिक सिम कार्ड कनेक्शन रद्द हो जायेंगे।

Desk Team