राजधानी दिल्ली के सब्जी मंडी इलाके में बड़ा हादसा हुआ है। सोमवार को इलाके में चार मंजिला इमारत ढह गई। चश्मदीदों के मुताबिक इमारत के मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका है। घटना के बाद से राहत-बचाव कार्य जारी है। स्थानीय लोग मलवा हटाने के कार्य जुट गए है।

घटना स्थल पर दमकल विभाग की पांच गाड़ियां पहुंच चुकी है। मिली जानकारी के अनुसार दो लोगों को बचा लिया गया है और अस्पताल ले जाया गया है। इलाके में इमारत ढहने के बाद से अफरा तफरी का माहौल है। हादसे में 2 बच्चों की मौत हो गयी है। मिली जानकारी के अनुसार ग्राउंड फ्लोर पर एक दूध की दुकान थी। उसमें कुछ कंस्ट्रक्शन का काम जारी था।

यह इमारत मालका गंज के नजदीक दिल्ली में रॉबिन सिनेमा के सामने स्थित थी। घटना के बारे में सुनकर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि प्रशासन राहत और बचाव कार्य में लगा हुआ है। उन्होंने कहा कि वह व्यक्तिगत रूप से स्थिति की निगरानी कर रहे हैं।

एक अन्य अग्निशमन अधिकारी ने कहा कि उन्हें अभी पता नहीं चल पाया है कि वास्तव में इमारत के गिरने का कारण क्या था। हालांकि, उनका विचार था कि शहर में पिछले कुछ दिनों से भारी बारिश से इमारत की संरचना कमजोर हो सकती है।

बता दें कि शनिवार को उत्तरी दिल्ली के नरेला इलाके में एक पुरानी इमारत गिर गई थी। उत्तर दिल्ली नगर निगम (एनडीएमसी) ने इसे खतरनाक ढांचा घोषित किया था।अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि घटना में कोई भी जख्मी नहीं हुआ है। उत्तर दिल्ली नगर निगम (एनडीएमसी) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, “एनडीएमसी के नरेला जोन के बेगमपुरा इलाके में एक पुरानी इमारत ढह गई है। इमारत को पहले ही खाली करा लिया गया था क्योंकि इसे खतरनाक ढांचा घोषित किया गया था।


Download Android App
Download iOS App



