दिल्ली पुलिस कमिश्नर एसएन श्रीवास्तव ने शुक्रवार को वार्षिक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए राजधानी में सभी तरह के अपराधों का ब्योरा पेश किया। इस दौरान उन्होंने जानकारी दी कि किसान आंदोलन के सिलसिले में जांच के दौरान 152 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस कमिश्नर एसएन श्रीवास्तव ने बताया कि साल 2020 हमारे लिए चुनौतियों भरा रहा लेकिन इसके बीच भी हमने बेहद सराहनीय कार्य किए। 2020 की शुरुआत में हमने उत्तरी पूर्वी दिल्ली के दंगों का सामना किया और फिर उसकी जांच की। उन्होंने बताया कि दंगों से जुड़े मामलों में कुल 755 FIR दर्ज की गई, 53 लोगों की मौत हुई और 581 लोग घायल हुए थे। उन्होंने बताया कि पूरे घटनाक्रम की जांच के लिए तीन एसआईटी बनाई गई, जिसे क्राइम ब्रांच ने हैंडल किया।
पुलिस कमिश्नर ने बताया कि एक केस दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल में रजिस्टर्ड किया गया। अभी तक 400 केसों में 1,818 लोग गिरफ्तार किए गए। उन्होंने कहा कि नॉर्थ ईस्ट दिल्ली में हुए दंगों के अलावा 2020 में कोविड लॉकडाउन, साइबर क्राइम, सोशल मीडिया आउटरीच, टेक्नोलॉजी, लॉ एंड ऑर्डर, टेरर जैसी चुनौतियां भी थी। इन सभी कामों को टीम बनाकर बांटा गया।
किसानों आंदोलन के सिलसिले में जांच में 152 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। कुछ लोग जांच में शामिल नहीं होना चाहते हैं लेकिन यह उनकी इच्छा पर निर्भर नहीं करता है। किसान नेताओं ने उन्हें दिए गए नोटिस का जवाब दिया है। 26 जनवरी को लाल किले पर हुई हिंसा पर पुलिस कमिश्नर ने कहा कि हमने किसानों को कुछ नियमों और शर्तों के साथ अपनी ट्रैक्टर परेड निकालने की अनुमति दी थी, लेकिन उन्होंने निर्धारित रूट का पालन न करके हमें धोखा दिया और हिंसा का सहारा लिया। पुलिस ने अपने कर्तव्यों का निर्वहन बहुत अच्छे तरीके से किया था।
उन्होंने बताया कि खालिस्तानी, ISIS और पाकिस्तान से जुड़े आतंकियों को गिरफ्तार किया गया। दिल्ली पुलिस ने बताया कि पाकिस्तान और दूसरे देशों में भारत के खिलाफ पनप रहे आतंकी साजिशों पर नजर रखा जा रहा।
लॉकडाउन के दौरान ज्यादा आए साइबर क्राइम के मामले
दिल्ली पुलिस के अनुसार, लॉकडाउन के समय सबसे ज्यादा साइबर क्राइम के मामले सामने आए। फेक वेबसाइट के जरिये नर्सों की भर्ती, डॉक्टरों की भर्ती, सेनेटाइजर देने के बहाने, QR कोड, OLX फ्रॉड जैसे मामले आए। कोरोना वायरस महामारी के बीच लोगों की नौकरी पर संकट आया तो उन्होंने नौकरी के लिए फ़र्ज़ी वेबसाइट पर चेक इन किया और उनके साथ फ्रॉड हुआ।