दिल्ली और उसके आस-पास के इलाकों में मौसम ने करवट ली है। राष्ट्रीय राजधानी के कई हिस्सों में तेज़-हवाओं के साथ बारिश ने मौसम में ठंडक बढ़ाई है। शनिवार सुबह से ही दिल्ली-NCR में तेज बारिश जारी है। बेमौसम बरसात ने जहां गर्मी से राहत दिलाई है, वहीं किसानों के लिए मुश्किलें खड़ी की हैं।
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली-NCR में अगले दो दिनों तक बारिश की संभावना जताई है। इसके अलावा यूपी, बिहार महाराष्ट समेत कई राज्यों में भी तेज आंधी के साथ बारिश जारी है। वहीं पहाड़ों पर बर्फ़बारी भी हो रही है। शुक्रवार दिन से आसमान में काले बादलों ने डेरा डाला हुआ था, वहीं शाम से कई इलाकों में रिमझिम बारिश भी शुरू हो गयी थी।
महाराष्ट्र: नासिक में यात्रियों से भरी बस में लगी आग, 11 लोग जिंदा जले
मौसम विज्ञानियों का मानना है कि दिल्ली-NCR समेत देश के कई हिस्सों में अक्टूबर के महीने में हो रही बारिश से ठंड का आगमन जल्दी होगा। इस समय आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश से लेकर उत्तराखंड तक निम्न हवा के दबाव की एक रेखा बनी हुई है।
पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी
पहाड़ी राज्य उत्तराखंड में अक्टूबर महीने के पहले हफ्ते में ही बर्फबारी जारी रही। पिथौरागढ़ जिले के ऊंचाई वाले इलाक़ों से लेकर चमोली तक बारिश के साथ-साथ बर्फबारी हो रही है। बर्फबारी ने मैदानी इलाकों में भी ठंड का एहसास कराया है। पंचाचुली से लेकर राजरंभा और हंसलिंग की चोटियां बर्फबारी से सराबोर हैं।
इन राज्यों में बारिश की संभावना
मौसम विभाग ने दिल्ली के आलावा कई इलाकों में बारिश की संभावना जताई है। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में 11 अक्टूबर तक, हरियाणा में 8 और 9 अक्टूबर, पूर्वी राजस्थान में 9 अक्टूबर तक, पश्चिम मध्य प्रदेश में 10 अक्टूबर, पूर्वी मध्य प्रदेश में 11 अक्टूबर तक अलग-अलग स्थानों पर छिटपुट बारिश के साथ हल्की या मध्यम बारिश हो सकती है।