केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने सोमवार को कहा कि दिल्ली में चुनाव कामकाज के आधार पर लड़े जायेंगे, झूठ के आधार पर नहीं और प्रदेश की जनता भाजपा को सत्ता में लाने का मन बना चुकी है। दिल्ली में भाजपा के चुनाव प्रभारी जावड़ेकर ने कहा, ‘‘ तरक्की में रोड़े अटकाने वाले कार्य अब समाप्त होंगे और विकास का रास्ता अख्तियार होगा । ’’ उन्होंने दावा किया कि दिल्ली की जनता भाजपा को सत्ता में लाने का मन पूरी तरह से बना चुकी है। जावड़ेकर ने कहा, ‘‘ दिल्ली में अब ट्रिपल इंजन की सरकार बनेगी।’’
उन्होंने आरोप लगाया कि केजरीवाल सरकार ने राजनीतिक दुर्भावना की वजह से दिल्ली में मोदी सरकार की योजनाओं को लागू नहीं होने दिया। भाजपा के वरिष्ठ नेता ने आरोप लगाया कि दिल्ली सरकार ने आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना सहित कई ऐसी योजनाओं पर रोक लगाई जिसका प्रत्यक्ष लाभ आम लोगों को मिलता । इस दौरान दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी भी मौजूद थे।
दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए 8 फरवरी को होगा मतदान, 11 फरवरी को आएंगे नतीजे
जावड़ेकर ने कहा, ‘‘केजरीवाल जी अब बहानेबाजी नहीं चलेगी, आप पूरी तरह से बेनकाब हो चुके हैं, इसलिए अब पूरी दिल्ली की जनता की आवाज भाजपा के साथ है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘ हमें पूरा विश्वास है कि दिल्ली में भाजपा की जीत होगी।’’ उन्होंने कहा कि यह बहुत खुशी की बात है कि दिल्ली चुनाव का परिणाम मंगलवार को आ रहा है, इसलिए प्रकृति भी हमें सकारात्मक संकेत दे रही है ।
गौरतलब है कि दिल्ली विधानसभा की सभी सीटों के लिये मतदान 8 फरवरी को और मतगणना 11 फरवरी को होगी । मुख्य चुनाव आयुक्त अरोड़ा ने बताया कि दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिये नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिमतिथि 21 जनवरी है जबकि नामांकन पत्रों की जांच 22 जनवरी को होगी। उन्होंने बताया कि नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि 24 जनवरी है।


Download Android App
Download iOS App



