दिल्ली के राम मनोहर लोहिया (आरएमएल) अस्पताल में हाल ही में चीन की यात्रा से आये पांच भारतीयों को रविवार को कोरोना वायरस से संक्रमित होने के संदेह के कारण भर्ती कराया गया। इन लोगों के भर्ती होने के बाद अस्पताल में भर्ती लोगों की संख्या बढ़कर 13 हो गयी हैं।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार भर्ती किये गए पांच लोगों के नमूनों को जांच के लिए भेज दिया गया है। सभी मरीज जनवरी के अंत में चीन की यात्रा से आये थे और सभी पुरुष है। प्रशासन ने बताया कि जांच के लिए सभी मरीजों के नमूने भेज दिए गए है और उनकी जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
इससे पहले एक फरवरी को चीन से आये दो और 31 जनवरी को आये पांच भारतीयों को वायरस से संक्रमित होने के संदेह में भर्ती कराया गया था। इसके अलावा तीन मरीज 27 जनवरी को भी आरएमएल में भर्ती कराये गए थे जिनकी जांच रिपोर्ट में कोई भी इस वायरस से पीड़ति नहीं पाया गया है।
कोरोना वायरस के प्रकोप के खतरे को देखते हुए सरकार ने 15 जनवरी के बाद चीन से आये हर व्यक्ति के स्वास्थ्य की जांच का निर्णय किया है और चीन की यात्रा से आये लोगों को 14 दिन तक अपने घर में ही रहने के लिए कहा है।
चीन के वुहान शहर से 323 भारतीय नागरिकों को लेकर एयर इंडिया का दूसरा विशेष विमान आज सुबह नयी दिल्ली हवाई अड्डे पहुंच गया। चीन में इस जानलेवा वायरस से अब तक 300 से अधिक लोगों की मौत हो गयी है जबकि भारत के केरल में इस वायरस से संक्रमित दो मरीजों का परीक्षण करने पर उनमें नमूने पॉजिटिव पाये गये हैं।