पूर्व रक्षा मंत्री जॉर्ज फर्नांडिस का आज अंतिम संस्कार किया जाना है। दिल्ली के लोधी रोड स्थित शवदाह गृह में जॉर्ज फर्नांडिस का अंतिम संस्कार किया जाएगा। उनकी इच्छा के मुताबिक दाह संस्कार के बाद उनकी अस्थियों को दफनाया जाएगा। जॉर्ज फर्नांडिस को आखिरी विदाई देने के लिए कई बड़े नेता पहुंच रहे है।
बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह, कैलाश विजयवर्गीय और भूपेंद्र यादव पूर्व रक्षा मंत्री को अंतिम सम्मान देने पहुंचे। गौरतलब है की पूर्व रक्षा मंत्री जॉर्ज फर्नांडिस का लंबी बीमारी के बाद मंगलवार को निधन हो गया। उनके परिवार से जुड़े सूत्रों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि फर्नांडिस अल्जाइमर बीमारी से पीड़ित थे और हाल में उन्हें स्वाइन फ्लू हो गया था।
जिसके बाद आज उन्होंने दिल्ली में अंतिम सांस ली। बता दें कि जॉर्ज फर्नांडिस का भारतीय राजनीति में ऐतिहासिक योगदान रहा है। वह राज्यसभा और लोकसभा के सदस्य भी रह चुके थे। वही, उन्होने समता पार्टी की स्थापना की थी। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व वाली राजग सरकार में फर्नांडिस रक्षा मंत्री थे।
रक्षा मंत्री के अलावा वे संचार मंत्री, उद्योग मंत्री, रेल मंत्री आदि जैसे अहम मंत्रालयों का भी कार्यभार संभाल चुके थे। 3 जून 1930 को मैंगलोर में पैदा हुए जॉर्ज फर्नांडीस 1967 से 2004 तक 9 लोकसभा चुनाव जीतकर सांसद बने।