नई दिल्ली : केंद्रीय शहरी विकास मंत्री हरदीप पुरी ने दक्षिणी दिल्ली नगर निगम की महत्वकांक्षी योजना भारत दर्शन पार्क का शिलान्यास किया। दक्षिणी दिल्ली नगर निगम ने ‘वेस्ट से वेल्थ’ की नई अवधारणा को आगे बढ़ाते हुए पंजाबी बाग में यह भव्य पार्क बनाएगा, जहां वेस्ट से बनाई गई भारत के प्रमुख ऐतिहासिक स्मारकों की हूबहू आकर्षक अनुकृतियों को प्रदर्शित किया जाएगा।
इस पार्क की थीम “विविधता में एकता’ है, जहां भारत की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक धरोहरों को एक स्थल पर निर्मित किया जाएगा। हरदीप पुरी ने कहा कि यह गर्व का विषय है कि दक्षिणी निगम ’वेस्ट टू वंडर’ की तर्ज पर ही एक नया शानदार भारत दर्शन बनाने जा रहा है। वेस्ट टू वंडर पार्क ने दिल्ली का एक नया आकर्षक पर्यटन स्थल बन गया है, जो भारत ही नहीं विदेशों में भी चर्चा का विषय बन गया है।
वहीं एलजी अनिल बैजल ने कहा कि दक्षिणी दिल्ली निगम ने दिल्ली में बेहतरीन पार्क ग्राम सभा व डीडीए की भूमि पर बनाए हैं। इसके अतिरिक्त हरित क्षेत्र का विस्तार ओपन जिम लगाने और वहां वेस्ट से पब्लिक आर्ट की कृतियां लगाकर दिल्ली शहर को और अधिक सुंदर और हरा-भरा बना दिया है। आयुक्त ज्ञानेश भारती ने कहा कि यह पार्क पंजाबी बाग में 6 एकड़ के प्लाॅट पर बनाया जाएगा। इस पार्क को बनने में लगभग 18 से 20 करोड़ रुपए की लागत आएगी।