नई दिल्ली : दिवाली से पहले कर्मचारी भविष्य निधि संगठन ने सख्त कार्रवाई करते हुए 200 कर्मचारियों को तोहफा दिया है। संगठन के ईपीएफओ दिल्ली पश्चिम ने करीब 200 कर्मचारियों के 62 लाख की बकाया भविष्य निधि अंशदान वसूला है। इस संबंध में अधिकारी ने बताया कि सहायक भविष्य निधि आयुक्त (दिल्ली पश्चिम) बीके सिन्हा के नेतृत्व में इस राशि को वसूला गया है।
सिन्हा के अनुसार मेट्रो सिक्योरिटी एंड अलाइट सर्विसेज के प्रधान नियोक्ता सेंट्रल वेयर हाउसिंग कॉरपोरेशन है। इसके अधीन कार्यरत 200 से अधिक सुरक्षा गार्ड के भविष्य निधि बकाया थी। इस संबंध में उन्हें नोटिस जारी किया गया लेकिन उन्होंने संबंधित दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए। जिसके बाद उन पर सख्त कार्रवाई करते हुए संस्थान के विरुद्ध 61 लाख 80 हजार 80 रुपए का बकाया निर्धारण किया गया।
संस्थान को 15 दिनों के अंदर रकम जमा करने का निर्देश दिया गया। ईपीएफओ की सख्ती के बाद कंपनी द्वारा 61 लाख 80 हजार 80 रुपए का चेक भविष्य निधि को जमा किया गया। इस कार्रवाई से सैकड़ों कर्मचारियों का बकाया भविष्य निधि वसूला जा सका है। उन्होंने बताया कि इस राशि के मिलने के बाद प्रति कर्मचारी को 50 हजार से अधिक रकम मिल पाएगा, जो नियोक्ता द्वारा लंबे समय से नहीं दिया जा रहा था।