ग्रेटर नोएडा में कोहरे के कारण दृश्यता कम होने से यमुना एक्सप्रेसवे पर कम से कम 6 वाहन आपस में टकरा गए। करीब 12 लोग घायल हुए है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंची। वहीं, बताया जा रहा है कि शनिवार सुबह एक तेज़ रफ्तार बस ट्रक में जा घुसी। हादसे में एक कार भी चपेट में आई है।
सड़क हादसे में डबल डेकर बस भी क्षतिग्रस्त हुई है। एसीपी भारी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे हैं। वाहनों के आपस में भिड़ने से युमना एक्सप्रेसवे कई किली मीटर तक लंबा जाम भी लग गया। पुलिस अब क्रेन की मदद से सभी वाहनों को सड़क से हटाने का काम कर रही है, जिससे यातायात सुचारू हो सके।
भारत मौसम विज्ञान विभाग ने 13 और 14 फरवरी की सुबह पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली, पूर्वी उत्तर प्रदेश और उत्तर-पश्चिम राजस्थान में अलग-अलग इलाकों में घने कोहरे की आशंका जताई थी।
दिल्ली-एनसीआर में शनिवार को घना कोहरा छाया रहा। कोहरे के कारण विजिबिलिटी काफी कम हो गई। शनिवार सुबह 8.30 बजे सफदरजंग में 50 मीटर और पालम में 250 मीटर विजिबिलिटी दर्ज की गई। इसके साथ ही न्यूनतम तापमान 10.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
राजधानी दिल्ली में आज हवा की गुणवत्ता भी “बहुत खराब” श्रेणी में पहुंच गई। सिस्टम ऑफ एयर क्वालिटी एंड वेदर फोरकास्टिंग एंड रिसर्च के अनुसार, सुबह 9 बजे एयर क्वालिटी इंडेक्स 331 था। सुबह 8.30 बजे आर्द्रता 100 प्रतिशत थी, उन्होंने कहा कि अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।