बलात्कार मामले में 20 साल जेल की सजा काट रहे डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम की तबियत एक बार फिर बिगड़ी है। राम रहीम को आज सुबह तड़के 5 बजकर 30 मिनट पर दिल्ली एम्स में भर्ती कराया गया, जहां उसकी एंडोस्कोपी की जाएगी। इसके साथ ही राम रहीम के स्वास्थ्य को देखते हुए उसे डॉक्टर की निगरानी में रखा जाएगा।
एम्स द्वारा जारी सूचना के अनुसार, डेरा सच्चा सौदा के प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह को एंडोस्कोपी के लिए दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में लाया गया, उनकी स्थिति के अधीन निगरानी में रखा जाएगा। रोहतक की सुनारिया जेल में बंद राम रहीम को अपनी साध्वियों के साथ दुष्कर्म करने के आरोप में 20 साल की सजा मिली है।
पिछले महीने 8 जून को कोरोना पॉजिटिव होने के बाद राम रहीम सिंह को गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था।इससे पहले राम रहीम ने 3 जून को पेट दर्द की शिकायत की थी, जिसके बाद रोहतक में PGIMS अस्पताल में मेडिकल चेकअप कराया गया। इस दौरान राम रहीम ने PGIMS रोहतक में कोविड टेस्ट कराने से मना कर दिया था।
बाद में राम रहीम को आगे की जांच के लिए भारी पुलिस सुरक्षा में गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल लाया गया। अस्पताल में जब उसका कोरोना टेस्ट हुआ तो पता चला कि वो कोविड पॉजिटिव है। दो महीने पहले राम रहीम को पैरोल मिली थी। पैरोल के लिए दिए गए आवेदन में मां की बीमारी का जिक्र किया था।