केंद्र सरकार के कृषि कानूनों के खिलाफ आज देशभर में किसान अनशन पर बैठे हुए हैं। इस बीच हरियाणा के उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से आज दिल्ली में उनके आवास पर मुलाकात की। उन्होंने केंद्रीय मंत्री से हरियाणा में चल रही और प्रस्तावित विभिन्न परियोजनाओं पर चर्चा की।
शनिवार को किसान संगठनों ने आंदोलन तेज कर दिया जबकि हरियाणा के उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कई केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात कर बातचीत का दबाव बढ़ा दिया। चौटाला ने रविवार को कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर तथा खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री पीयूष गोयल से मुलाकात की।
हरियाणा के उपमुख्यमंत्री श्री @Dchautala जी ने केंद्रीय मंत्री श्री @nitin_gadkari जी से भेट कर प्रदेश मे चल रही विकास परियोजनाओं पर चर्चा की। pic.twitter.com/eGdrTqZtkf
— Office Of Nitin Gadkari (@OfficeOfNG) December 14, 2020
रविवार की मुलाकात के बाद दुष्यंत चौटाला ने कहा कि सरकार किसान संगठनों के साथ 48 घंटे में अगले दौर की बातचीत शुरू करेगी। सरकार ने किसान संगठनों को कृषि सुधार कानूनों में संशोधन का प्रस्ताव दिया था जिसे खारिज कर दिया गया था और आंदोलन तेज करने की धमकी दी गई थी।
केंद्रीय मंत्री ने किसानों से आंदोलन समाप्त कर बातचीत से समस्या का समाधान करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि उन्हें विश्वास है कि बातचीत से समस्या का समाधान निकलेगा। सरकार का दरवाजा किसानों से बातचीत के लिए खुला है। किसान संगठन पिछले 19 दिनों से राष्ट्रीय राजधानी की सीमा पर आंदोलन कर रहे हैं। सरकार ने दिल्ली की सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था को कड़ी कर दी है।