हाथरस गैंगरेप पीड़िता की मौत के बाद जनता का आक्रोश उत्तर प्रदेश से लेकर दिल्ली तक दिखाई दे रहा है। गैंगरेप के बाद पीड़िता की मौत के खिलाफ नई दिल्ली स्थित उत्तर प्रदेश भवन के सामने प्रदर्शन करने का प्रयास कर रहे वाम दलों के करीब 60 कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया गया। इससे पहले मंगलवार को विजय चौक पर प्रदर्शन के लिए पहुंची महिला कांग्रेस की कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया था।
बुधवार को पुलिस ने बताया कि प्रदर्शनकारी उत्तर प्रदेश भवन के समक्ष प्रदर्शन करने के लिए जुटे थे लेकिन तुरंत ही उन्हें हिरासत में लेकर मंदिर मार्ग पुलिस थाने ले जाया गया। हालांकि, प्रदर्शनकारियों ने दावा किया कि वे पुलिस थाने के बाहर विरोध प्रदर्शन जारी रखे हुए हैं।
हाथरस गैंगरेप पीड़िता के परिजनों का आरोप, पुलिस ने जबरन रात में कराया अंतिम संस्कार
उन्होंने उत्तर प्रदेश को महिलाओं के लिए असुरक्षित बताते हुए राज्य के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के इस्तीफे की मांग की है। प्रदर्शन का आह्वान वाम दलों से जुड़े महिला संगठनों ने किया था। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि महिलाओं सहित अबतक करीब 60 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया है।
गौरतलब है कि हाथरस की रहने वाली 19 वर्षीय युवती के साथ दो हफ्ते पहले नृशंस तरीके से सामूहिक दुष्कर्म किया गया था। पीड़िता की मंगलवार को दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में मौत हो गई जिससे लोगों में गुस्सा है और न्याय की मांग को लेकर प्रदर्शन हो रहे हैं।