नई दिल्ली : दिल्ली प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष मनोज तिवारी की मौजूदगी में सोमवार को कांग्रेस, आम आदमी पार्टी (आप) और स्वराज इंडिया पार्टी के कई कार्यकर्ता भाजपा में शामिल हुए। इस दौरान प्रदेश भाजपा के कई अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे। भाजपा में डूसू के पूर्व अध्यक्ष और आप नेता जितेन्द्र चौधरी, आप के बुराड़ी से पूर्वांचली नेता हेमन्त झा और पुष्पा शर्मा और कांग्रेस की युवा विंग के नेता आयुष चौधरी शामिल हुए।
शामिल हुए सभी लोगों ने दिल्ली की सातों सीटें जीतकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को सशक्त बनाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर पार्टी कार्यालय में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने कहा कि देश के सबसे बड़े लोकतंत्र के उत्सव की तारिखों का ऐलान हो चुका है। सकारात्मक विचारों की नीति पर कार्य करने वाले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में लोगों का विश्वास बढ़ रहा है। अन्य दलों के लोग भी उनमें विश्वास जता रहे हैं।
विपक्ष देश को धर्म, जाति और परिवारवाद के नाम पर बांटने का अपना एजेंडा लेकर एकत्र हो रहा है। देश की जनता राजनैतिक पार्टियों द्वारा फैलाये जा रहे भ्रम को स्वयं दूर कर रही है। कोई गृिहणी कहती हैं कि उसे उज्ज्ववला के तहत उसे धुएं भरे जीवन से छुटकारा मिला, कोई गृिहणी कहती है कि अब वह सम्मान से जी सकती है, मेरे घर में शौचालय है, स्वच्छ भारत मिशन के तहत। तिवारी ने सोमवार को पार्टी कार्यालय में आयोजित एक प्रेसवार्ता के दौरान ‘भारत के मन की बात मोदी के साथ’ नामक कार्यक्रम की विशेषताओं को पत्रकारों के समक्ष रखा।
अनधिकृत कॉलोनियों के लिए कमेटी गठन का स्वागत
उत्तर-पूर्वी दिल्ली से भाजपा सांसद मनोज तिवारी के नेतृत्व में सोमवार को एक प्रतिनिधि ने केन्द्रीय शहरी विकास मंत्री हरदीप सिंह पुरी से मुलाकात की। इस दौरान तिवारी ने दिल्ली की अनधिकृत कॉलोनियों को नियमित करने के लिए दस सदस्यीय कमेटी के गठन के निर्णय पर पुरी का धन्यवाद किया।
तिवारी ने कहा कि यह दस सदस्यीय कमेटी अनधिकृत कॉलोनी के निवासियों को मालिकाना हक देने सहित प्रॉपर्टी के ट्रांसफर सहित अधिकार दिये जाने की प्रक्रिया को स्वीकृति देगी। सरकार के इस कदम से इन कॉलोनियों में रहने वाले लोगों को काफी सहूलियत मिलेगी।