पूर्वी दिल्ली : न्यू अशोक नगर में मंगलवार रात सूटकेस में मिला महिला का शव अभी भी पुलिस के लिए पूरी तरह से पहेली बना हुआ है। हत्यारे को पकड़ना तो दूर की बात पुलिस दो दिन बाद भी मृतका की पहचान नहीं कर सकी है। पुलिस महिला की पहचान के लिए सोशल मीडिया का भी सहारा ले रही है। इसके अलावा दिल्ली-एनसीआर के थानों में गुमशुदा लोगों का रिकार्ड खंगाल रही है। बताते चलें कि इलाके में करीब एक महीने पहले भी इसी तरह एक महिला का शव मिला था।
हत्या के बाद महिला के शव को जलाने की कोशिश की गई थी। इस मामले में भी अभी तक पुलिस के हाथ खाली हैं। उधर, पुलिस सूत्रों की माने तो नोएडा और गाजियाबाद की दूरी महज एक से दो किलोमीटर है। आशंका है कि युवती नोएडा या गाजियाबाद की रहने वाली हो सकती है। यह भी आशंका है कि अवैध संबंध के चलते महिला की हत्या की गई।
महिला के हाथ पर मोहित नाम का टैटू भी गुदा हुआ है। गले में एक लॉकेट है। इस सबके बारे में दिल्ली पुलिस ने नोएडा और गाजियाबाद पुलिस को बताया है। उन्हें भी हाल ही के दिनों में इलाके से मिसिंग महिलाओं का रिकॉर्ड खंगालने के लिए कहा है। फिलहाल पुलिस घटना स्थल की ओर आने वाले रूटों पर सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, ताकि कहीं से कोई क्लू मिल जाए।
बता दें कि न्यू अशोक नगर इलाके में मंगलवार रात एक महिला का शव सूटकेस से बरामद हुआ था। युवती के चेहरे पर धारदार हथियार के निशान थे। महिला के शरीर पर चोट के निशान जाहिर था कि उसे हत्या से पूर्व बुरी तरह पीटा भी गया।