मसूरी : भारत तिब्बत सीमा पुलिस बल अकादमी में बल का 57 वां स्थापना दिवस सैन्य परंपराओं के अनुसार मनाया गया। इस दौरान अकादमी परेड ग्राउंड में आकर्षक वेशभूषा से सुसज्जित सैन्य दस्ते ने बल के ध्वज को सलामी दी व जवानों ने बल की आनबान और शान की रक्षा के प्रति संकल्प लिया। इस मौके पर सेनानी प्रशिक्षण वेणुधर नायक ने अधिकारियों व जवानों को बल के स्थापना दिवस की बधाई दी और परेड की सलामी ली। इस मौके पर उन्होंने कहा कि देश के विभिन्न क्षेत्रों में अभेद्य सुरक्षा प्रदान करने वाले इस बल की भूमिका व शानदार उपलब्धियों पर बल के हिमवीरों को गर्व है।
उन्होंने कहा कि जवानों व अधिकारियों ने हर चुनौती का सामना पूर्ण निष्ठा व समर्पण भाव से किया और जो भी आदेश मिला उसका पालन किया। जिसके कारण बल का नाम पूरे देश में ही नहीं दुनिया में है। स्थापना दिवस पर सेनानी प्रशिक्षण ने अधिकारियों व जवानों के साथ मिलकर बधाई दी। वहीं सामूहिक प्रीतिभोज का आयोजन किया गया।
वहीं संध्या के समय जवानों व उनके बच्चों के द्वारा मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गये व देश की विविधता पूर्ण संस्कृति को परिलक्षित किया गया। मालूम हो कि बल ने स्थापना के बाद से ही भारत चीन सीमा की सुरक्षा की। वहीं सीमा प्रबंधन के अलावा आंतरिक सुरक्षा, विशिष्ठ एवं अति विशिष्ठ व्यक्तियों की सुरक्षा के साथ ही संयुक्त राष्ट्र शांति सेना में देश का प्रतिनिधित्व करने का गौरव भी हासिल किया है।