नई दिल्ली : मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को दिल्ली विधानसभा चुनाव की तैयारी को लेकर चलाए जा रहे संपर्क अभियान के तहत आयोजित हो रहे बूथ संवाद कार्यक्रम की समीक्षा की। इस मौके पर चुनाव लड़ने के लिए फंड की कमी का मुद्दा भी उठा। जिस पर आप के दिल्ली संयोजक गोपाल राय ने फंड एकत्रित करने के लिए अलग से अभियान चलाने की बात कही।
इस बैठक में सभी सांसद, मंत्री, विधायक, लोकसभा प्रभारी, पार्षद व जिला प्रभारी शामिल रहे। सभी ने बूथ संवाद कार्यक्रम की सफलता से मुख्यमंत्री को अवगत कराते हुए उन्हें बताया कि बूथ संवाद को जनता का जबरदस्त सहयोग मिल रहा है। लोग आम आदमी पार्टी (आप) सरकार के काम व नीतियों से खासे प्रभावित हैं। वे अगली सरकार भी आम आदमी पार्टी की चाहते हैं। बूथ संवाद को 24 दिसंबर तक आयोजित किया जाएगा।
इसमें 14 हजार बूथों पर विधायकों के नेतृत्व में जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। आप के दिल्ली प्रदेश संयोजक गोपाल राय ने कहा कि विधानसभा चुनाव की तैयारियों की समीक्षा हुई है। साथ ही अब चुनाव के लिए फंड इकट्ठा करने काम में भी पार्टी के लोग जुटेंगे। जिससे आने वाले चुनाव को पार्टी मजबूती से लड़ सके। मुख्यमंत्री केजरीवाल ने सबसे पहले बूथ संवाद कार्यक्रम के दौरान दिल्ली के लोगों की तरफ से आप सरकार के कामकाज को लेकर आ रही प्रतिक्रिया जानी।
पार्टी के नेताओं व विधायकों ने बूथ संवाद में अब तक आई लोगों की सकारात्मक प्रतिक्रियाओं को बताया। नेताओं ने बताया कि दिल्ली की जनता आम आदमी पार्टी की सरकार के कामकाज से काफी खुश है। पार्टी की सरकार ने पिछले पांच वर्ष में दिल्ली में काफी विकास कार्य कराया है। बिजली, पानी, सीवर, स्वास्थ्य व शिक्षा के क्षेत्र में सरकार के किए गए कार्य से जनता काफी खुश है और वह आगे भी पार्टी को दोबारा सत्ता में लाकर शेष विकास कार्यों को पूरा करने का मौका देना चाहती है।
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने पार्टी कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए जनता के बीच जाकर आप सरकार द्वारा पांच वर्ष में किए गए विकास कार्यों के बारे में लोगों को बताने के लिए कहा। साथ ही आगामी चुनाव के लिए जनता के बीच जाकर फंड एकत्र करने पर भी जोर दिया। जिसके बाद प्रदेश संयोजक गोपाल राय ने कहा कि फंड एकत्र करने के लिए भी पार्टी अभियान चलाकर काम करेगी।
गौरतलब है कि दिल्ली विधानसभा चुनाव की तैयारी में लगी आम आदमी पार्टी जनसंपर्क अभियान के तहत संवाद कार्यक्रम चला रही है। 24 दिसंबर तक चलने वाले इस अभियान में 14 हजार बूथों पर विधायकों के नेतृत्व में जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। पार्टी का कहना है कि दिल्ली की जनता से मिली सकारात्मक प्रतिक्रिया से पार्टी कार्यकर्ताओं में भारी जोश है। बूथ संवाद कार्यक्रमों में दिल्ली की जनता बड़े जोश व उत्साह से भाग ले रही है। इससे पार्टी का मनोबल काफी बढ़ा है।