जनता दल यूनाइटेड (जदयू) ने दिल्ली की केजरीवाल सरकार पर पूर्वांचल के लोगों के साथ सौतेला व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए कहा कि यहाँ की सारी संस्थाएँ और गतिविधियाँ खुली हुई है लेकिन यमुना घाटों पर छठ मनाने की अनुमति नहीं है। जदयू के प्रवक्ता सत्य प्रकाश मिश्रा ने आज यहाँ एक बयान जारी कर कहा कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल अपनी नाकामी को छुपा रहे हैं।
उन्होंने छठ पूजा के लिए यमुना घाटों पर तैयारी नहीं की और ना ही वह करना चाहते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि केजरीवाल पूर्वांचल के साथ पिछले सात सालों से सौतेला व्यवहार कर रहे हैं। जब पूरी दिल्ली की हर संस्था खुली है फिर छठ यमुना घाटों पर आखिर क्यों नहीं। इससे यह साबित होता है कि उनकी छठ के प्रति श्रद्धा ही नहीं है।
जदयू प्रवक्ता ने कहा कि दिल्ली में हर वार्ड में शराब की दुकान की अनुमति देने वाला छठ के अर्घ्य जल पर इतनी नाइंसाफ़ क्यों कर रहे हैं। उन्होंने माँग की है कि पूर्वांचल के लोगों की आस्था का ध्यान रखते हुए घाटों पर कोरोना नियमों का पालन कर यमुना घाट पर छठ मनाने की अनुमति दी जाए।
गौरतलब है कि दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने दिल्ली में छठ पूजा करने को लेकर एक आदेश जारी किया है जिसके तहत यमुना किनारे छठ पूजा करने पर पाबंदी लगा दी है। दिल्ली आपदा प्रबंधन ने दिल्ली में कुछ स्थानों पर ही छठ पूजा की अनुमति दी है।