नई दिल्ली : दिल्ली भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने शुक्रवार को कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने एक ऐसी प्रवृत्ति अपनाई हुई है जिसके आधार पर वे कोई भी निराधार बात बोल जाते हैं। देश की जनता के बीच झूठ बोलना और प्रधानमंत्री के लिए अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल करना उनकी प्रवृत्ति बन चुकी है। कांग्रेस वंशवाद की जननी है। गरीबी मिटाने का काम तो कांग्रेस ने नहीं किया, लेकिन गरीबों को मिटाने का काम जरूर किया है।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी द्वारा सर्वाजनिक तौर पर प्रधानमंत्री के लिए बोले गए शब्दों को देश की जनता ने अस्वीकार करते हुए प्रधानमंत्री के अपमान को अपना अपमान माना है। इसके चलते सवा सौ करोड़ देशवासियों ने खुद को ‘मैं भी चौकीदार हूं’ बोलना शुरू कर दिया है। तिवारी ने कहा कि देश के सभी वर्ग डॉक्टर, इंजीनियर, वकील, किसान, ग्रहणी, बच्चे, बुजुर्ग, पत्रकार, सामाजिक संस्थाए और विशेष तौर पर युवाओं ने ‘मैं भी चौकीदार हूं’ अभियान से जुड़कर नकारात्मक राजनैतिक दलों को करारा जवाब दिया है।
उन्होंने बताया कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने देश के स्वाभिमान को चुनौती दी है। इसलिए यह जन आंदोलन बन चुका है। ‘मैं भी चौकीदार हूं’ हैशटैग को 30 लाख बार ट्वीट किया गया है और 16.80 करोड़ इम्प्रेशंस हुुए हैं। शुरुआत से ही यह हैशटैग विश्व स्तर पर ट्रेंड कर रहा था। नमो ऐप और सोशल मीडिया पर एक करोड़ से अधिक लोगों ने ‘मैं भी चैकीदार हूं’ का संकल्प लिया हुआ है। कार्यक्रम प्रमुख सत्येन्द्र सिंह ने कहा कि रविवार की शाम पांच बजे प्रधानमंत्री अभी तक के सबसे बड़े कार्यक्रम को तालकटोरा स्टेडियम में देश भर के 500 स्थानों के लोगों से वीडियो कान्फ्रेसिंग से सीधा संवाद करेंगे।
राजनाथ और सुषमा भी बनेंगे कार्यक्रम का हिस्सा
प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी और राष्ट्रीय संगठन महामंत्री रामलाल प्रधानमंत्री के साथ तालकटोरा स्टेडियम में रहेंगे। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के साथ चांदनी चौक संसदीय क्षेत्र के वजीरपुर औद्योगिक क्षेत्र में प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को सुनेंगे। केन्द्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह पूर्वी दिल्ली संसदीय क्षेत्र, विदेश मंत्री सुषमा स्वराज पश्चिमी दिल्ली संसदीय क्षेत्र में कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री के कार्यक्रम से जुड़ेंगी। इस कार्यक्रम में रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण और वित्त मंत्री अरुण जेटली भी रह सकते हैं।