नई दिल्ली : दिल्ली महिला आयोग ने मी-टू अभियान के तहत पीड़ित महिलाओं और लड़कियों की बढ़ती संख्या पर दुख जताते हुए कहा कि आयोग उनके साथ मजबूती से खड़ा है। आयोग ने कहा कि किसी भी महिला के लिए अपने साथ हुए यौन दुर्व्यवहार के बारे में बताने के लिए बहुत हिम्मत की जरूरत होती है, दिल्ली महिला आयोग उनके इस संघर्ष में उनके साथ है। इस तरह उन्होंने न केवल अपनी सहायता की है बल्कि यौन अपराधों के खिलाफ जागरूकता भी बढ़ाई है।
दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति जयहिंद ने कहा कि इस अभियान से कई यौन अपराधियों का खुलासा हुआ है और कई महिलाओं का एक ही व्यक्ति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराना इस समस्या की गंभीरता को दर्शाता है। आयोग मी-टू की शिकायतकर्ता महिलाओं और लड़कियों से यह अपील करता है कि वो अपने साथ हुए यौन दुर्व्यवहार की शिकायत पुलिस और महिला आयोग के समक्ष दर्ज करवाएं। इस तरह शिकायत दर्ज करने से यौन अपराधियों को जेल भिजवाने का रास्ता साफ होगा जो कि बहुत पहले हो जाना चाहिए था।