राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में रविवार सुबह न्यूनतम तापमान 25.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो इस मौसम में सामान्य से दो डिग्री अधिक है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी। आईएमडी ने दिल्ली के लिए येलो अलर्ट जारी किया है, जो रविवार और उसके बाद के मौसम के गंभीर रूप से खराब होने का संकेत देता है।
राष्ट्रीय राजधानी में कल उमस भरी स्थिति रही और कुछ हिस्सों में हल्की बारिश भी हुई। वहीं मौसम विभाग ने रविवार को मुख्यत: बादल छाए रहने और हल्की बारिश का अनुमान जताया है। इस बीच अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 32 डिग्री सेल्सियस और 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। सापेक्षिक आर्द्रता 84 प्रतिशत दर्ज की गई।
सितंबर का नया रिकॉर्ड बनाने के लिए दिल्ली को इस महीने केवल 13 मिमी बारिश की आवश्यकता है, जबकि इस पूरे वर्ष मानसून रिकॉर्ड बनाने के लिए केवल 20 मिमी बारिश की आवश्यकता है। इससे पहले सितंबर 1944 में 417 मिमी बारिश दर्ज की गई थी। वहीं, 1933 में पूरे मानसून में 1,190.9 मिमी बारिश का रिकॉर्ड है। सितंबर में अब तक 404 मिमी और पूरे मानसून में 1,170 मिमी बारिश दर्ज की गई है।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के सुबह आठ बजकर पांच मिनट पर दर्ज आंकड़े के अनुसार वायु गुणवत्ता सूचकांक संतोषजनक श्रेणी में 76 दर्ज किया गया। शून्य और 50 के बीच एक्यूआई को ‘अच्छा’, 51 और 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 और 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 और 300 के बीच ‘खराब’, 301 और 400 के बीच ‘बहुत खराब’ और 401 और 500 ‘गंभीर’ माना जाता है।