नई दिल्ली : आगामी 11-12 जनवरी को रामलीला मैदान में आयोजित होने वाली भाजपा की राष्ट्रीय परिषद के लिए खाने का मेन्यू तैयार हो गया है। खाने में उत्तर भारत के अलावा दक्षिण भारत के शाकाहारी व्यंजन परोसे जाएंगे। खास बात यह होगी कि इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह भी वही खाना खाएंगे, जो अन्य पदाधिकारी के लिए बनेगा।
प्रदेश महामंत्री और अधिवेशन के कार्यालय प्रभारी राजेश भाटिया ने बताया कि शुक्रवार को परिषद के आयोजन की तैयारियों का जायजा लेने के लिए भाजपा के प्रदेश कार्यालय में पदाधिकारियों की बैठक हुई। इसमें राष्ट्रीय संगठन महामंत्री रामलाल, प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी, प्रदेश संगठन महामंत्री सिद्धार्थन और प्रदेश के सह प्रभारी तरुण चुघ ने तैयारियों का जायजा लिया।
वहीं राष्ट्रीय नेतृत्व से वरिष्ठ नेता डॉ. अनिल जैन और मुरलीधर रॉव भी लगातार इस पर नजर बनाए हुए हैं। इसमें तय हुआ कि आगामी 11-12 जनवरी को आने वाले करीब 12,000 पार्टी पदाधिकारी के लिए खाने में खिचड़ी, दाल, दाल फ्राई, मिक्स वेज, सरसों का साग, मिस्सी रोटी और चावल की व्यवस्था रहेगी।
इसके अलावा दक्षिण भारतीय पदाधिकारियों के लिए पूरी आलू, इडली सांभर, चावल और डोसे की व्यवस्था रहेगी। इसके अलावा खाने से पहले सूप की व्यवस्था भी रहेगी। जबकि व्रतधारियों के लिए दूध और फल का इंतजाम किया जाएगा।
800 पदाधिकारी देखेंगे दिल्ली
राजेश भाटिया ने बताया कि आने वाले पदाधिकारियों में से करीब 800 पदाधिकारियों ने दिल्ली दर्शन की इच्छा भी जताई है। इसके लिए बसों का इंतजाम किया जा रहा है। इन्हें दिल्ली के अन्य स्मारकों को दिखाने के साथ ही पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की समाधी अटल स्मृति स्थल के भी दर्शन कराए जाएंगे।
इसके अलावा दिल्ली की ठंड को देखते हुए दक्षिण भारतीय पदाधिकारियों से खास तौर पर अनुरोध किया गया है कि वे गर्म कपड़े साथ लेकर आएं। इसके बाद भी मौसम को देखते हुए पहाड़गंज और करोलबाग में बुक किए गए 4000 होटलों के कमरे में भी दस होटलों पर एक डॉक्टर की व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने बताया कि इसके लिए शनिवार से ही रामलीला मैदान में कैंप ऑफिस शुरू हो जाएगा।
– विकास कुमार