नई दिल्ली : लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं ने पार्टी के प्रचार के लिए एक और अनूठा अभियान शुरू किया है। भाजपा के प्रति अपने समर्थन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति विश्वास व्यक्त करने के लिए मंगलवार को भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं ने अपने घर से #’मेरा परिवार भाजपा परिवार’ अभियान की शुरुआत की है।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने इस देशव्यापी कार्यक्रम की शुरुआत अपने आवास से की। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी ने अपने घर पर BJP का स्टीकर व झंडा फहराकर एक बार फिर मोदी सरकार का विजय संकल्प लिया। वहीं प्रदेश संगठन महामंत्री सिद्धार्थन ने भी दिल्ली भाजपा कार्यालय में स्टीकर और भाजपा ध्वज फहराकर अभियान में भागीदारी दी।
इस दिशा में केंद्रीय मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने भी इस अभियान के तहत कृष्णा नगर स्थित अपने पैतृक घर पर भाजपा का झंडा फहराकर अभियान में सक्रिय भागीदारी दी। इस मौके पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार द्वारा देश में चलाई गई विकास कार्यक्रमों की आंधी से विरोधी दलों की बोलती बंद हो गई है।
भाजपा के इस राष्ट्रीय ध्वज फहराओ अभियान के तहत आज देश के पांच करोड़ से अधिक भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों के परिजनों ने अपने घरों पर भाजपा का ध्वज फहराकर एक नया विश्व रिकॉर्ड बनाया है। इससे भारत सहित पूरी दुनिया में यह संदेश गया है कि अब भाजपा के नेतृत्व में भारत इतना शक्तिशाली बन गया है कि पार्टी के एक इशारे पर करोड़ों लोग एक साथ एकत्रित होकर अपनी एकता और अखंडता का परिचय दे सकते हैं।
पदाधिकारी व मंडल अध्यक्ष करोल बाग में मंगलवार को मेरा परिवार भाजपा परिवार कार्यक्रम के अंतर्गत घरों में झंडे व स्टीकर एवं संपर्क करने का कार्यक्रम जिला अध्यक्ष भारत भूषण मदान की अध्यक्षता में डी ब्लॉक मोती नगर जिला अध्यक्ष के निवास से आरंभ हुआ।
इस दौरान मेयर आदेश गुप्ता, स्थायी समिति अध्यक्ष वीना विरमानी, निगम पार्षद सुनीता मिश्रा, विपिन मल्होत्रा पूर्व विधायक, सुभाष सचदेवा एवं राजेश गोयल, सुरेश गुप्ता, उमा शंकर मिश्रा, राजीव गिरोत्रा, राजीव गुप्ता, संजय मल्होत्रा, विजय शर्मा सहित काफी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे। कार्यक्रम के दौरान घरों में जाकर जन संपर्क किया व प्रधानमंत्री मोदी द्वारा किए गए कार्यों के बारे में विस्तार से बताया।
इस दौरान लोगों द्वारा स्वर्ण समाज के आरक्षण की सराहना की वहीं जनता ने केजरीवाल द्वारा आयुष्मान योजना को दिल्ली में न लागू करने की निंदा की। इस मौके पर भारत भूषण मदान ने सभी पदाधिकारियों व मंडल अध्यक्षों को अपने-अपने मंडल में इस तरह के कार्यक्रम व प्रधानमंत्री द्वारा किए गए कार्यों को पहुंचाने का आह्वान किया।