मणिपुर के मुख्यमंत्री बीरेन सिंह ने कहा कि उनके राज्य को बनने जा रहे एशियन हाईवे और रेल संपर्क से पूर्वोत्तर का निवेश गंतव्य बनने में फायदा होने की उम्मीद है। बीरेन सिंह ने कहा कि चार लेन वाले राजमार्ग के लिए काम जोरों पर है और इस मार्ग के चलते राज्य दक्षिण पूर्वी एशिया का मुख्य गेटवे बन सकता है।
राष्ट्रीय राजमार्ग 39 मणिपुर की राजधानी इम्फाल से हो कर गुजरेगा और भारत म्यामां सीमा पर स्थित मोरेह तक जाएगा। इस राजमार्ग को एशियन हाइवे 1 के तौर पर विकसित किया जा रहा है। बीरेन सिंह ने बताया कि इस राजमार्ग के 2021 के मध्य तक पूरा होने की उम्मीद है। उन्होंने संवाददाताओं से कहा ‘‘भूमि संबंधी मुद्दे सुलझा लिए गए हैं और भूमि अधिग्रहण भी पूरा हो चुका है।’’
बीरेन सिंह ने यह भी कहा कि जिरिबाम-इम्फाल रेल लाइन पर भी काम चल रहा है। इस परियोजना के परिचालन में आने की समय सीमा दिसंबर 2020 है और यह मणिपुर को भारतीय रेलवे के नक्शे पर ला रही है। उन्होंने उम्मीद जाहिर की कि बनने जा रहे एशियन हाईवे और रेल संपर्क से मणिपुर को पूर्वोत्तर का निवेश गंतव्य बनने में फायदा होगा।