देश के कई राज्यों में कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए दिल्ली सरकार अलर्ट हो गई है। इस मद्देनजर अब 5 राज्यों से दिल्ली आने वाले लोगों को कोरोना की नेगेटिव रिपोर्ट लाना अनिवार्य होगा। महाराष्ट्र, केरल, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और पंजाब से दिल्ली आने वाले लोगों को निगेटिव RT-PCR दिखाने पर ही दिल्ली में प्रवेश की अनुमति होगी।
दिल्ली सरकार का यह आदेश 26 फरवरी शुक्रवार की आधी रात से लेकर 15 मार्च दोपहर 12:00 बजे तक लागू रहेगा। इसके साथ ही आदेश फ्लाइट, ट्रेन और बस (पब्लिक ट्रांसपोर्ट) से दिल्ली आने वाले यात्रियों पर लागू होगा जबकि कार (प्राइवेट गाड़ी) से दिल्ली आने वाले यात्री इससे बाहर रहेंगे। इस फैसले को लेकर दिल्ली सरकार औपचारिक आदेश आज जारी कर सकती है।
दिल्ली में कोरोना संक्रमितों की कुल संख्या 6,38,028 हो गई है। इनमें से 10,901 मरीजों की मौत हो चुकी है। हालांकि इस बीमारी की चपेट में आए 6,26,086 लोग ठीक भी हुए हैं। राजधानी में एक्टिव मरीजों की संख्या 1041 है। अबतक 1.20 करोड़ सैंपल टेस्ट किए जा चुके हैं।
बढ़ते मामलों को देखते हुए दिल्ली सरकार से पहले उत्तराखंड सरकार ने इन पांच राज्य से आने वाले लोगों का कोरोना टेस्ट अनिवार्य कर दिया था। सरकार ने अपने फैसले में कहा था कि महाराष्ट्र, गुजरात, केरल, मध्य पदेश और छत्तीसगढ़ से आने वाले लोगों की जिले के बॉर्डर पर कोरोना की जांच की जाएगी। इसके लिए आशारोड़ी चेकपोस्ट, रेलवे स्टेशन और एयरपोर्ट पर व्यवस्था बनाई जा रही है।