नई दिल्ली : नए नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) और एनआरसी के खिलाफ दिल्ली में अभी भी प्रदर्शन का दौर जारी है। राजघाट पर भी कांग्रेस पार्टी द्वारा इसके खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया गया। इसके अलावा अन्य जगहों पर जो प्रदर्शन हुए वह भी शांतिपूर्वक रहे। वहीं दरियागंज दिल्ली गेट इलाके में शुक्रवार को हुए हिंसक प्रदर्शन के बाद से यहां हालात सामान्य है। लेकिन इस शांति पूर्ण माहौल के बीच दिल्ली पुलिस पूरी तरह से अलर्ट है।
अधिकारिक पुलिस सूत्रों के मुताबिक, दिल्ली में बेशक शांति है, लेकिन सतर्क रहना भी बेहद जरूरी है। शरारती तत्व कब माहौल खराब कर दें कुछ पता नहीं। हालांकि पुलिस सोशल मीडिया ग्रुप और भीड़ में असामाजिक तत्वों पर नजर रखे हुए हैं।
प्रदर्शन के दौरान किसी भी स्थिति से निपटने के लिए हर डिस्ट्रिक्ट में रिजर्व फोर्स को स्टैंड बाइ मोड पर रखा है। उन्हें पूरी तरह अलर्ट रहने के लिए कहा गया है। इसके साथ ही संवेदनशील इलाकों के पुलिस थानों में भी एक-एक कंपनी को सतर्क रखा गया है।
उधर, संवेदनशील इलाकों में पुलिस लाउडस्पीकर लेकर शांति का माहौल बनाए रखने के लिए लोगों का धन्यवाद भी करती नजर आ रही है।